ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर वेटलैंड में बनाया जाएगा स्टेट ट्री पार्क
Abhishek Sharma
Greater Noida (12/02/19) : वन विभाग पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अब सूरजपुर वेटलैंड एरिया में स्टेट ट्री पार्क (राज्य वृक्ष पार्क) बनाएगा। इस पार्क को वेटलैंड के दो एकड़ के एरिया में विकसित किया जाएगा। विभाग के प्रभागीय वनाधिकारी पीके श्रीवास्तव ने बताया कि वेटलैंड में लोगों को घूमने के साथ पौधों के बारे में जानकारी मिल सके, इसको ध्यान में रखते हुए यह पहल की जा रही है। 10 एकड़ में फैले वेटलैंड के 2 एकड़ को राज्य वृक्ष पार्क बनाने के लिए चिह्नित कर लिया गया है।
इस पार्क में 26 राज्यों के 6-6 पौधे एक जगह लगाए जाएंगे। ये 6 पौधे उस राज्य के खास होंगे। इनको एक साथ लगाया जाएगा ताकि कोई एक पौधा खराब भी हो जाता है तो बाकी लगे रहें।
उन्होंने बताया कि स्कूल बच्चों को भी ये नहीं पता होता कि किस राज्य का कौन सा पौधा खास होता है। इसको भी ध्यान में रखा गया। दरअसल कई बार स्कूल मैनेजमेंट अपने यहां के बच्चों को यहां घुमाने के लिए लेकर आता है, तो उनको कुछ खास नहीं मिलता। वे वेटलैंड में समय बिताकर चले जाते हैं। इस वजह से यह तय किया गया कि यहां पर कुछ खास तरह की चीजें विकसित की जाएं। इसी को ध्यान में रखकर फिलहाल स्टेट ट्री पार्क विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस पार्क को बनाने के लिए काम शुरू कर दिया गया है। अलग-अलग राज्यों से पौधे मंगवाए जा रहे हैं। इस माह के अंत तक यहां पौधे लगाकर इनको बना दिया जाएगा। इन दिनों मौसम में बहुत अधिक गर्मी नहीं है। इस वजह से पौधों को जड़ पकड़ने में बहुत अधिक समय भी नहीं लगेगा।