देश मे एक दिन के अंदर 28637 लोग कोरोना पॉजिटिव , आंकड़ा 8 लाख 50 हज़ार के करीब
Rohit Sharma
नई दिल्ली :– देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि जारी है। देश में कोविड-19 संक्रमित मरीजों की संख्या को लेकर रविवार को एक रिकॉर्ड बना। यह लगातार तीसरा दिन है, जब देश में संक्रमितों की संख्या 25 हजार से ज्यादा रही है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 28,637 लोग संक्रमित हुए हैं। यह एक दिन में रिकॉर्ड की गई संक्रमितों की सबसे अधिक संख्या है।
तमाम एहतियात बरतने और सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा करने के बाद भी बड़े पैमाने पर लोग संक्रमित हो रहे हैं। मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरान 551 लोगों की इस खतरनाक वायरस से मौत हुई है। वर्तमान में देशभर में 8,49,553 लोग कोविड-19 पॉजिटिव हो चुके हैं।
इनमें 2,92,258 सक्रिय मामले हैं, जिनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं, 5,34,621 मरीज ऐसे हैं, जिन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा, अभी तक भारत में कोरोना वायरस से 22,674 लोगों की मौत हो चुकी है।
देश में अब कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में संक्रमण के पहले एक लाख मामले जहां 110 दिन में सामने आए थे। वहीं, आंकड़े को आठ लाख तक पहुंचने में महज 53 दिन लगे हैं।
देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या तीन जून को दो लाख से अधिक हुई थी, वहीं इसे तीन लाख तक पहुंचने में दस दिन लगे और इसके भी आठ दिन बाद 21 जून को संक्रमितों की संख्या चार लाख से अधिक हुई। इसके बाद अगले एक लाख मामले सिर्फ छह दिन में सामने आए और आंकड़े को सात लाख तक पहुंचने में दस दिन का समय लगा।