नई दिल्ली :– गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों , बीजेपी नेता विजय गोयल समेत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने दिल्ली सरकार के खिलाफ विधानसभा के पास प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों का कहना है कि इस बार काउंसलिंग में हमारे कॉलेज का नाम नहीं है। यही नहीं दाखिला भी नहीं हो रहा है। हमें ऐसा लग रहा है सरकार कॉलेज बंद करना चाहती है। इस प्रदर्शन में छात्रों का नेतृत्व एबीवीपी कर रही थी। एबीवीपी के प्रदेश मंत्री सिद्धार्थ यादव ने बताया कि सरकार शैक्षणिक संस्थान बंद कर रही है, इसलिए हम विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्र मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी बात रखना चाहते थे लेकिन छात्रों को मुख्यमंत्री आवास से पहले ही विकास भवन के पास पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया।
उन्होंने बताया कि हमारी मांग है कि इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के निहित जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रथम वर्ष की दाखिला प्रक्रिया पुनः बहाल की जाए एवं कॉलेज को बंद करने का निर्णय वापस लिया जाए। दिल्ली सरकार द्वारा वित्त पोषित कॉलेजों में की गई शुल्क वृद्धि को वापस ली जाए।
जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय का एकमात्र ऐसा कॉलेज है जो मात्र चालीस हजार रुपये में इंजीनियरिंग की पढ़ाई करा रहा है, लेकिन दिल्ली सरकार इसे भी बंद करने पर तुली हुई है। यह सरकार सस्ती एवं सबके लिए उपलब्ध शिक्षा के विरुद्ध है।
धरना दे रहे कॉलेज के छात्रों के समर्थन में बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय गोयल ने भी अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि अभी तक गोविंद बल्लभ पंत इंजीनियरिंग कॉलेजमें फ़र्स्ट ईयर के विद्यार्थियों का दाख़िला नहीं हुआ हैं। उन्होंने कहा की केजरीवाल सरकार इस कॉलेज को बंद करना चाहती हैं। इस कॉलेज की फ़ीस मात्र 40 हजार हैं वहीं दूसरे कॉलेजों में लाखों रूपये फ़ीस देना पड़ता हैं।अब सरकार जीबी पंत कॉलेज को नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के साथ जोड़ने का फ़ैसला कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि क्या विद्यार्थियों को जीबी पंत कॉलेज के से ज़्यादा फ़ीस देना होगा, पहले साल के बच्चों का दाख़िला होगा की नहीं। जब तक विद्यार्थियों की समस्या का समाधान नहीं हो जाता तब तक धरना जारी रहेगा।