दिल्ली बीजेपी प्रदेश महिला मोर्चा ने आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निवास के बाहर दिल्ली को शराब की नगरी बनाने और केजरीवाल के झूठे वायदों की पोल खोलने के लिए महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
केजरीवाल पर झूठे वायदे करने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने कहा कि विभिन्न राज्यों में अपने चुनाव अभियान के दौरान वे जनता से जितने वायदे कर रहे हैं उनमें से एक भी वायदा दिल्ली की जनता के लिए उन्होंने पूरा नहीं किया।
शयोगिता सिंह ने कहा कि केजरीवाल पंजाब और उत्तराखंड में हर महिला को प्रतिमाह एक हज़ार रुपये देने की बात कर रहे हैं। वे पहले उसे दिल्ली में पूरा करें। उन्होंने कहा कि वे पहले बेरोजगारों को भत्ता देने की बात कह चुके हैं लेकिन दिल्ली के हज़ारों बेरोजगार आज भी भत्ते के इंतजार में हैं। महिला कल्याण और सुरक्षा की बात करने वाले अरविंद केजरीवाल ने वायदा किया था कि वह डीटीसी बसों में सीसीटीवी कैमरा लगवाएंगे, कैमरा तो छोड़िए आज डीटीसी बसों की स्थिति जर्जर हो चुकी है। उनके द्वारा महिलाओं की शिक्षा के लिए 500 से ज्यादा विद्यालय-कॉलेज खोले जाने का वायदा भी महज जुमला साबित हुआ।
उन्होंने कहा कि आज तो शिक्षा व्यवस्था की स्थिति यह है कि जो शिक्षक पढ़ा रहे हैं, उन्हें वेतन भी देने में नाकाम साबित हुए हैं। यही नहीं महिला सम्मान की बात करने वाले केजरीवाल को जवाब देना चाहिए कि आखिर उनके कैबिनेट में एक भी महिला क्यों नहीं है। आखिर एक वार्ड में तीन-तीन शराब की दुकानें खोली जाएंगी तो वहां महिला सुरक्षित कैसे हो पाएगी। आज द्वारका में नई शराब की दुकानें खोले जाने पर रोक लगा दी गई है। महिला मोर्चा नई आबकारी नीति के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है और इसका पुरजोर विरोध करेगी। दूसरे राज्यों में महिला सुरक्षा पर सिर्फ बातें करने वाले अरविंद केजरीवाल के ही विधायक को राशनकार्ड के घोटाले में महिलाओं का अपमान करते हुए पाया गया लेकिन उसके उपर कोई कार्रवाई नहीं की गई। दिल्ली की महिलाएं अगर अरविंद केजरीवाल को सत्ता में बैठा सकती है तो उन्हें सत्ता में उतारने का काम भी महिलाएं ही करेंगी।
Discover more from tennews.in: National News Portal
Subscribe to get the latest posts sent to your email.