एक्सिस बैंक अफसरों पर पुलिस करेगी कार्रवाई

ग्रेटर नोएडा। एटीएम चोरी होने और तीन एटीएम में आग लगने के मामले में पुलिस ने एक्सिस बैंक के अधिकारियों पर सिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कोतवाली सूरजपुर पुलिस ने बैंक अधिकारियों पर 120बी के तहत लापरवाही और साजिश रचने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज किया है। सोमवार को बैंक अधिकारियों को पूछताछ के लिए तलब किया गया है।
बीते 27 नवंबर को कोतवाली सूरजपुर एरिया के तिलपता मार्केट में स्थित एक्सिस बैंक का एटीएम अज्ञात बदमाशों ने चोरी कर लिया, जबकि शनिवार की शाम करीब 7.30 बजे रामपुर मार्केट में लगे एक्सिस बैंक के ही तीन एटीएम में शॉट सर्किट से आग लग गई। दोनों घटनाएं 3 दिन के अंदर हो गईं और करीब 20 लाख रूपए की चपत लग गई। एटीएम चोरी मामले में पुलिस कोई भी सुराग हाथ नहीं लग सका है। उस पर बैंक अधिकारियों की लापरवाही पुलिस को अन्य एंगल को आधार मानकर जांच करने के लिए मजबूर कर दिया है। एटीएम चोरी की सूचना पुलिस ने सुबह 7 बजे दी थी, लेकिन शाम 4.30 बजे बैंक के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एटीएम की सुरक्षा में गार्ड नहीं लगा था और सीसीटीवी कैमरे भी नहीं काम कर रहे थे। जबकि बैंक अधिकारी पुलिस को ऑनलाइन वीडियो रिकॉर्डिंग होने की बात कह कर गुमराह करते रहे। वहीं, शनिवार को रामपुर मार्केट में शॉट सर्किट के चलते आग लगने से एक्सिस बैंक के 3 एटीएम जलकर राख हो गए। वहां के दुकानदारों से पुलिस ने पूछताछ की है। जिसमें दुकानदारों ने बताया कि आग लगने से करीब एक घंटे पहले ही बैंक के अधिकारियों ने एटीएम में पैसे डाल कर गए थे। अभी तक बैंक ने पैसा कितना था, इसकी जानकारी नहीं दी है। यहां पर सुरक्षा गार्ड और सीसीटीवी कैमरे नहीं थे। 3 दिन के अंदर हुई दो घटनाओं को लेकर पुलिस को बैंक अधिकारियों पर ही शंका की सुई घूम गई है। सीओ फर्स्ट हरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने बैंक अधिकारियों पर 120बी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जिसमें बैंक अधिकारियों पर लापरवाही बरतने और साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। सीओ ने बताया कि अधिकारियों की शिकायत उनके हेड ऑफिस में भी लिखित तौर पर की जाएगी। वहीं, सोमवार को बैंक के अधिकारी और टैक्निशियन को तलब किया गया है। माना जा रहा है कि पुलिस इनके साथ कड़ाई से पेश आएगी।

Comments are closed.