जी. एल. बजाज संस्थान में पीजीडीएम (बैच 2015-17) छात्रों का ओरिएण्टेशन मैनेजमेण्ट गुरू ने दिए प्रबन्धन के टिप्स.

जी. एल. बजाज इन्स्टीट्यूट आफ मैनेजमेण्ट एण्ड रिसर्च, ग्रेटर नोएडा में पीजीडीएम सत्र 2015-17 के ओरिएण्टेशन कार्यक्रम का भव्य शुभारम्भ हुआ। इस समारोह की मुख्यअतिथि पद्मश्री डाॅ. प्रीतम सिंह थे, जो प्रबन्धन के विभिन्न अग्रणी संस्थानों में उच्च पदों पर आसीन रहे और जिन्हें प्रबन्धन शिक्षाजगत में विशिष्ट योगदान के लिए मैनेजमेण्ट गुरू के रूप में जाना जाता रहा है। इस अवसर पर नोएडा, ग्रेटर नोएडा के अतिरिक्त निकटस्थ अग्रणी शिक्षण संस्थानों के गणमान्य अतिथि की भी भागीदारिता रही। इसके अलावा नवीन छात्रों के अभिभावक भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ द्वीप प्रज्जवलन के साथ हुआ। संस्थान के उपाध्यक्ष श्री पंकज अग्रवाल ने उपस्थित सभी छात्रों एवं उनके अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान अध्ययनरत समस्त छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए कृतसंकल्पित हैै। उन्होंने कहा कि संस्थान ने उत्कृष्ट प्रबन्धन शिक्षा के द्वारा अपनी जिम्मेदारी को निभाया है और आगे भी निभाते रहेंगे। उन्होंने छात्रों को ज्ञान, कौशल, एवं सीखने की आदत को हमेशा बढ़ावा देने की सीख दी।
इस अवसर पर इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पद्मश्री डाॅ. प्रीतम सिंह ने प्रबन्धन के मुख्य विन्दुओं और इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रबन्धन की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के अलावा छात्रों को व्यवहारिक ज्ञान एवं दृष्टिकोण की महत्ता को समझना चाहिए और वे अपने कैरियर में परिस्थिति, परिवेश एवं वस्तुस्थिति के मद्देनजर ही कोई निर्णय लें। उन्होंने छात्रो को अपने जीवन में स्वयं में सत्यनिष्ठ रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता हेतु छात्र स्वयं की कार्यावली को निर्धारित करके उसके अनुसार रणनीति बनाएं। उन्होंने आगे कहा कि छात्रों को शारीरिक सुदृढ़ता के साथ-साथ अपने मस्तिष्क की क्षमता की महत्ता को समझना चाहिए जो जीवन में सफलता की कुंजी है। अमरत्वता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि व्यक्ति को समाज व पीढी दर पीढ़ी उसके कर्मों व समाज के प्रति योगदान के लिए जाना जाता है जिससे उक्त व्यक्ति अमरत्व को प्राप्त होता है, अतः प्रत्येक अपने जीवन में सहृदयता से सद्कर्मो को महत्व दें।
संस्थान के महानिदेशक प्रोफेसर शेखर घोष ने कहा कि छात्रों को प्रबन्धन की शिक्षा को अन्तिम शिक्षा के रूप में देखना चाहिए। छात्र से परिजनों एवं समाज की अनेक महत्वाकांक्षाएं हैं जिनके प्रति छात्रों का उत्तरदायित्व होना चाहिए कि उनकी आकांक्षाओं पर खरे उतरे। उन्होंने कहा छात्रों में कोई भी उद्देश्य का आवेग होना चाहिए, सफलता या विफलता की सोच को परे रखना चाहिए। उन्होंने छात्रों को आगाह किया कि आज के परिवेश में बदलाव स्वाभाविक है और छात्रों को हर बदलाव के मुताबिक स्वयं में परिवर्तन लाना चाहिए।
कार्यक्रम के अन्त में संस्थान के पीजीपी सभापति ने अपने स्वागत संभाषण में छात्रों को सफल भविश्य की शुभकामनाएं देते हुए अपना धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

Comments are closed.