“दिल्ली के नागरिकों की सुरक्षा अहम, पुलिस की हर संभव मदद करने के लिए ‘आप’ तैयार” : दिलीप पांडे

आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के संयोजक दिलीप पांडे और आप नेता संजय सिंह सोमवार को 4 साल की रेप पीड़ित बच्ची को देखने के लिए सफ़दरजंग अस्पताल पहुंचे, यहां उन्होने पीड़ित बच्ची के परिजनों से भी मुलाकात की और इस तरह की वारदातों को बेहद गंभीर बताया। परिवार और पीड़ित बच्ची के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए आप के दिल्ली संयोजक दिलीप पांडे का कहना रहा कि ‘इस तरह की वारदातें गंभीर हैं और इन्हे रोकने के लिए हम सबको मिलकर काम करना होगा, दिल्ली पुलिस समेत दिल्ली सरकार और हम सबको मिलकर अपने बच्चों और परिवार की सुरक्षा के लिए अहम कदम उठाने होंगे, हम सबको मिलकर दिल्ली की जनता के लिए एक सुरक्षित माहौल तैयार करना होगा, हम दिल्ली पुलिस से आग्रह करते हैं कि अगर उनके पास दिल्ली की जनता की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए कोई नई योजना है तो ये मेरा वादा है कि आम आदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता पुलिस की मदद करने के लिए तैयार है, हम चाहते हैं कि दिल्ली के हर नागरिक को पूर्ण और पुख्ता सुरक्षा जरुर मिले जो उसका अधिकार भी है’
आपको बता दें कि उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के केशवपुरम इलाके में स्लम बस्ती में रहने वाली चार साल की एक बच्ची के साथ अज्ञात आरोपी ने कथित तौर पर बलात्कार किया था। डॉक्‍टर्स का कहना है कि इस वारदात में बच्‍ची के आंतरिक और निजी अंगों को बेहद गंभीर चोटें आई हैं। उसके सारे शरीर पर काटने के निशान हैं। उसे ठीक होने में कम से कम छह महीने का वक्‍त लगेगा। फिलहाल बच्ची अभी खतरे से बाहर है।

Comments are closed.