भाकपा नेता बर्धन की हालत ‘बहुत नाजुक’
नयी दिल्ली, दो जनवरी :भाषा: भाकपा के वरिष्ठ नेता एबी बर्धन की हालत बहुत नाजुक हो गई है। पिछले महीने पक्षाघात की चपेट में आ जाने के बाद यहां एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने आज यहां यह जानकारी दी।
भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डी राजा ने बताया, ‘‘कॉमरेड बर्धन की हालत आज बिगड़ गई। कल उनका वेंटीलेटर हटा दिया गया था और वह सामान्य रूप से सांस लेने में सक्षम थे। लेकिन आज उनके रक्तचाप का स्तर गिर गया और उनकी हालत अब बहुत नाजुक हो गई है।’’ राजा ने बताया कि जीबी पंत अस्पताल में चिकित्सक बर्धन के स्वास्थ्य की बेहतरी के लिए सर्वश्रेष्ठ कोशिश कर रहे हैं। 92 वर्षीय नेता का सात दिसंबर से इस अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अर्धेन्दू भूषण बर्धन मजदूर संगठन आंदोलन और महाराष्ट्र में वामपंथी राजनीति का एक प्रमुख चेहरा रहे हैं। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में 1957 में वह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विजयी हुए थे।
बाद में वह ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस :एटक: के महासचिव बने, जो भारत का सबसे पुराना मजदूर संगठन है।
बर्धन 1990 के दशक में दिल्ली की राजधानी में आए और भाकपा के उप महासचिव बने। वह 1996 में इंद्रजीत गुप्ता की जगह पार्टी के महासचिव बने।

Comments are closed.