मतदाता पुनरीक्षण अभियान को प्रशासन मान रहा सफल
चुनाव आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता पुनरीक्षण अभियान में अभी तक सत्तर हजार से अधिक लोगों ने फार्म-छह जमा किया है। जबकि प्रशासन को इसकी उम्मीद नहीं थी। अधिक फार्म जमा होने से प्रशासन काफी उत्साहित है और इसे मतदाताओं में जागरूकता की निशानी मान रहा है।
गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 अक्टूबर से मतदाता पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और वोटर आईकार्ड बनवाया जाएगा। अभियान की समाप्ति 30 अक्टूबर को ही होने वाली थी। मगर अभियान को 15 नवंबर तक बढ़ा दिया गया। 12 नवंबर तक के आंकड़ों के अनुसार अभी तक यह अभियान काफी सफल साबित हुआ है। अभी तक करीब 70 हजार लोगों ने वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने के लिए फार्म-6 भरकर जमा कराया है। जबकि, 10 नवंबर को आयोजित विशेष दिन पर करीब 11 हजार लोगों ने फार्म भरा था। एडीएम प्रशासन संजय चैहान ने बताया कि जिले की जनसंख्या 18,00675 है। जबकि, यहां वोटरों की संख्या 11.45 लाख है। उन्होंने बताया कि देश में जनसंख्या ग्रोथ की दर 2.6 प्रतिशत है। जबकि, प्रदेश में 2.9 प्रतिशत है। ग्रोथ और जिले की जनसंख्या के हिसाब से करीब 33 हजार वोटर बढ़ाने चाहिए थे। मगर अभियान के तहत दो गुना से अधिक फार्म जमा हुए हैं। इससे प्रशासन काफी उत्साहित है। उन्होंने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रोजगार की तलाश में आकर बसने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। साथ मतदाताओं में भी वोट के अधिकार के प्रति जागरूकता बढ़ी है। लिहाजा अधिक फार्म जमा हुए हैं। जिससे अभियान काफी सफल माना जा रहा है।