रजिस्ट्रेशन के बदले पैसा मांग रहे काॅमन सर्विस सेंटर
कौशल विकास मिशन के तहत हो रहे रजिस्ट्रेशन के लिए काॅमन सर्विस सेंटर द्वारा आवेदकों से पैसे की मांग की जा रही है। जबकि रजिस्ट्रेशन निशुल्क है। कई काॅमन सर्विस सेंटरों से रजिस्ट्रेशन होने में भी दिक्कत आ रही है। उस पर प्रचार प्रसार नहीं होने के कारण जिले में अब तक सबसे कम बेरोजगारों द्वारा रजिस्ट्रेशन कराया गया है।
प्रशिक्षण एंव सेवा योजन निदेशालय द्वारा संचालित कौशल विकास मिशन के तहत कौशल विकास कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसमे 83 ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 10 जनवरी से आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है, जो 31 जनवरी तक जारी रहेगा। जिले के लिए 2500 बेरोजगारों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए निदेशालय द्वारा प्रचार-प्रचार करने का निर्देश दिया गया है, मगर जिले में प्रचार प्रसार नहीं किया जा रहा है। जिले में 64 काॅमन सर्विस सेंटर और जन सुविधा केन्द्रों पर आॅनलाइन रजिस्ट्रेशन करने की सुविधा है। मगर सभी काॅमन सर्विस सेंटरों पर रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहे हैं। गुरूवार को कई युवक व युवतियां विकास भवन स्थित मुख्य विकास अधिकारी से शिकायत की। इनका आरोप है कि काॅमन सर्विस सेंटरों द्वारा पैसा मांगा जा रहा है, जबकि सरकार द्वारा प्रति रजिस्ट्रेशन पर 5 रुपए दिया जाएगा। आरोप है कि काॅमन सर्विस सेंटर द्वारा 100 रुपए मांगे जा रहे हैं। इस संबंध में सीडीओ का कहना है कि कई सर्विस सेंटरों पर अभी तकनीकी कारणों के चलते रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा है। जिससे युवक व युवतियों को परेशानी हो रही है। आईटीआई के प्रधानाचार्य और नोडल अधिकारी मेहराम सिंह ने बताया कि तकनीकी दिक्कतों को दूर किया जा रहा है। शनिवार को गाजियाबाद स्थित पिलखुआ में एक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है, जिसमे सभी काॅमन सर्विस सेंटर संचालकों को बुलाया गया है। यहां सभी को प्रशिक्षण दिया जाएगा।