राजधानी दिल्ली में भी दिखी गौरक्षकों की गुंडागर्दी

राजधानी दिल्ली में भी दिखी गौरक्षकों की गुंडागर्दी, फर्ज़ी गौरक्षकों पर कार्रवाई करने का मोदी जी का आश्वासन भी जुमला साबित हुआ ? : AAP

 

राजधानी दिल्ली में भी अब फर्ज़ी गौरक्षकों की गुंडागर्दी देखने को मिली है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली के कंझावला इलाके में कुछ गौरक्षकों ने बकरीद के बाद कचरा फेंकने जा रहे मुस्लिम समुदाय के लोगों को इतनी बुरी तरह से पीटा कि उन्हे अधमरी हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। देश के दूसरे हिस्सों में गुंडागर्दी करने वाले ये फर्ज़ी गौरक्षक अब देश की राजधानी में भी घुस गए हैं और यहां भी बेखौफ़ होकर लोगों को पीट रहे हैं।

पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉंफ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और दिल्ली संयोजक दिलीप पांडे ने कहा कि ‘जिस प्रकार से कुछ फर्ज़ी गौरक्षक देश के दूसरे हिस्सों में राजनीतिक संरक्षण के नीचे अपनी गुंडागर्दी फैला रहे हैं ठीक उसी तरह वो अब राजधानी दिल्ली में भी बेखौफ़ हो गए हैं और सड़क पर लोगों को पीट रहे हैं। हाल ही में 14 सितम्बर को बुधवार के दिन रात 8 बजे के करीब मुस्लिम समुदाय के कुछ भाई अपना त्यौहार मनाकर क़ुर्बानी के कचरे को कंझावला इलाके के किसी सुरक्षित स्थान पर में फेंकने जा रहे थे। वहां कुछ लोगों ने मुस्लिम समुदाय के उन लोगों को बुरी तरह से पीटा जिनके नाम 28 वर्षीय अब्दुल खालिद और 43 वर्षीय अली हसन हैं, जिनको कंझावला इलाके के उन लोगों ने घेरकर लाठी-डंडों से बुरी तरह से पीटा और अधमरी हालत में छोड़कर भाग गये। कुछ मीडिया रिपोर्ट बता रही हैं कि हमलावरों ने खुद को गौरक्षक दल से जुड़ा हुआ बताया है। उसके बाद कुछ शरारती तत्त्व किराड़ी विधानसभा में माहौल ख़राब करने के लिए इस घटना को साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं और वहां आपसी तनाव का माहौल बना हुआ है। आपको याद होगा कि स्वतंत्रता दिवस के दिन लालकिले की प्राचीर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि “जो फर्ज़ी गौरक्षक घूम रहे हैं उन पर कड़ी कार्रवाई होगी”

दिल्ली संयोजक दिलीप पांडे ने कहा कि हम पूछना चाहते हैं प्रधानमंत्री जी से कि अब तक आपकी सरकार और पुलिस ने आपके उस आश्वासन को सत्य साबित करने के लिए क्या किया है? अब तो ये फर्ज़ी गौरक्षक देश की राजधानी में भी घुस आए हैं और यहां भी अपनी गुंडागर्दी फैला रहे हैं। हम मोदी जी से दो सवाल पूछ रहे हैं

 

1       आपने अपने अभिभाषण में फर्ज़ी गौरक्षकों पर कार्रवाई करने की बात कही थी, क्या वो भी सिर्फ जुमला था? क्या वो सिर्फ नौटंकी थी? या फिर उसमें एक प्रतिशत भी सच्चाई थी?

2       अगर आपकी बातों में सच्चाई थी तो अब तक ऐसे कथित गौरक्षकों के ख़िलाफ़ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है जो डंडे, बंदूक और रॉड लेकर सड़कों पर गुंडे बनकर घूम रहे हैं और जनता को पीट रहे हैं। आपकी पुलिस ऐसे लोगों पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है ?

आखिर क्या वजह है कि गौरक्षा के नाम पर वीएचपी, आरएसएस और दूसरे दलों को सड़कों पर गुंडागर्दी करने के लिए खुला छोड़ा हुआ है और पुलिस भी इन पर कोई सख्त कार्रवाई करने से बचती है? हम प्रधानमंत्री जी से निवेदन करते हैं कि वो ऐसे गुंडों पर सख्त कार्रवाई करके ना केवल अपने कथन और आश्वासन को सार्थक बनाएं बल्कि देश में एक नज़ीर भी पेश करें कि अगर कोई इस तरह की गुंडागर्दी करके कानून अपने हाथ में लेगा तो उसे बक्शा नहीं जाएगा।

प्रेस कॉंफ्रेंस में बोलते हुए किराड़ी से विधायक रितुराज ने भी अपनी बात रखी और कहा कि ‘इस घटना की सूचना जैसे ही हमें मिली तो हम लोग अस्पताल पहुंचे। मुस्लिम समाज के उन दो लोगों को बड़ी बुरी तरह से पीटा गया था और उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। किराड़ी इलाके में इस घटना के बाद से कुछ लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस को तो सिर्फ़ आम आदमी पार्टी के विधायकों पर फर्ज़ी मुकदमे करने के लिए छोड़ा हुआ है तो हमारी चिंता यह है कि इलाके में कानून व्यवस्था को कौन देखेगा.  किराड़ी इलाके में 5 लाख लोगों पर सिर्फ एक पुलिस थाना है और इलाके की बच्चियां और महिलाएं अपने आपको असुरक्षित महसूस करती हैं। आए दिन इलाके में बलात्कार की घटनाएं हो रही हैं और पुलिस इस तरफ़ कोई ध्यान नहीं दे रही है। और अब हाल ही में मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ हुई इस वारदात के बाद से तो इलाके के माहौल को साम्प्रदायिकता की आग में झोंकने की कोशिश कुछ शरारती तत्व कर रहे हैं जो कानून व्यवस्था के लिहाज से बेहद चिंताजनक है। हम इस घटना के संदर्भ में एक चिठ्ठी राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग को देने जा रहे हैं ताकि इस घटना के दोषियों पर कार्रवाई के लिए पुलिस पर उचित दबाव बनाया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.