रेल नीर घोटाला: अदालत ने कारोबारी को जमानत दी
नयी दिल्ली, 22 दिसंबर : भाषा : दिल्ली की एक अदालत ने रेल नीर घोटाले में सीबीआई के आरोपपत्र में आरोपी बनाए गए एक कारोबारी को जमानत दे दी है।
यह घोटाला राजधानी तथा अन्य सुपरफास्ट ट्रेनों में बोतलबंद पेयजल की आपूर्ति में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है।
विशेष न्यायाधीश विनोद कुमार ने दो लाख रूपये के निजी मुचलके तथा इतनी की राशि का एक जमानती देने पर आरके एसोसिएट्स के मालिक शरण बिहारी अग्रवाल को जमानत पर रिहा किया।
अदालत ने कहा कि इस मामले में आरोपपत्र दायर कर दिया गया है और आरोपी को अनिश्चितकाल तक जेल में बंद नहीं रखा जा सकता। उन्हें अक्तूबर में गिरफ्तार किया गया था।
अदालत ने कहा कि इस मामले की जांच पूरी हो चुकी है और सीबीआई ने आरोपपत्र दायर कर दिया है लेकिन चूंकि भ्रष्टाचार रोकथाम :पीसी: कानून के प्रावधानों के तहत आरोपी लोक सेवकों के अभियोजन की मंजूरी नहीं मिली है, वह अंतिम रिपोर्ट पर संज्ञान नहीं ले सकती।
न्यायाधीश ने कहा, ‘‘वर्तमान मामले में, जांच पूरी हो चुकी है और आरोपपत्र दायर किया गया है। चूंकि लोक सेवकों के संबंध में पीसी कानून की धारा 19 के तहत मंजूरी नहीं मिली है और इस में कुछ समय लगने की संभावना है, आरोपपत्र दायर होने के बावजूद संज्ञान नहंी लिया जा सकता।’’ अदालत ने कहा, ‘‘इन परिस्थितियों में, आरोपी को अनिश्चिकाल तक जेल में नहीं रखा जा सकता। इसलिए मैं दो लाख रूपये के निजी मुचलके तथा इतनी ही राशि का एक जमानती देने पर आरोपी शरण बिहारी अग्रवाल की जमानत अनुरोध स्वीकार करता हूं।’’ सीबीआई ने जमानत याचिका का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी पर गंभीर प्रकृति के आरोप हैं।
अदालत ने इससे पहले इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों भारतीय रेलवे ट्रैफिक सेवा के अधिकारियों संदीप सिलास और एमएस चलिया को जमानत दी थी।
Comments are closed.