उत्तर प्रदेश में कोरोना ने फिर बनाया नया रिकॉर्ड, 24 घंटे में कोरोना के 38,055 नए मामले सामने, 223 लोगों की मौत
Ten News Network
उत्तर प्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण की वजह से हालात बेकाबू होते जा रहे हैं। 24 घंटों में कोरोना के 38055 नए केस सामने आए हैं। वहीं 223 लोगों की मौत हो गयी है। उत्तर प्रदेश मैं इलाज के बाद 24 घंटे में 23,231 लोग अस्पतालों से डिस्चार्ज हुए हैं। नए मामले सामने आने के बाद प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या 10 लाख को पार कर गई है।
इस समय राज्य में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 2,88,144 है और अब तक 10959 लोगों की मौत हो चुकी है। इतना ही नहीं अब तक कोरोना संक्रमण से कुल 7,52,211 लोग ठीक भी हो चुके हैं।
आपको बता दें कि, उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार को रोकने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने साप्ताहिक कोरोना कर्फ्यू का एलान किया था। इसकी शुरुआत बीती रात 8 बजे से हो चुकी है। ये लॉकडाउन 26 अप्रैल सुबह सात बजे तक चलेगा। इसके अलावा पहले से चला आ रहा नाइट कर्फ्यू जारी रहेगा।
यही नहीं, राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में नाइट कर्फ्यू को दो घंटे और बढ़ा दिया है। प्रशासन की तरफ से करुणा की चेन तोड़ने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं लेकिन उसके बावजूद कोरोना के मामले रोजाना नए रिकॉर्ड बना रहे हैं।