नई दिल्ली :– दिल्ली में कोरोना अब बेकाबू और जानलेवा साबित होने लगा है। स्थिति यह है कि चार माह बाद दिल्ली में कोरोना के मामले चार हजार के पार पहुंच गए। संक्रमण दर 4.64 फीसद हो गई है। इस वजह से 24 घण्टे में कोरोना के 4033 नए मामले आए, जो पिछले 24 दिसंबर के बाद सबसे ज्यादा है।
24 दिसंबर को 4067 मामले आए थे। कोरोना का संक्रमण बढ़ने के कारण पिछले चार दिन में 13,984 मामले आ चुके हैं। इस वजह से सक्रिय मरीजों की संख्या करीब 14 हजार हो गई है। इस वजह से अस्पतालों में मरीजों का दबाव बढ़ने के साथ गंभीर मरीज भी बढ़ने लगे हैं।
यही वजह है कि पिछले 24 घंटे में 21 मरीजों की मौत हो गई, जो 93 दिन में सबसे ज्यादा है। इससे पहले एक जनवरी को 21 मरीजों की मौत हुई थी।
फरवरी में संक्रमण कम होने पर मौत के मामले दहाई अंक से नीचे आ गए थे। अब एक बार फिर मौतें अधिक होने लगी है। चार दिनों में ही 54 मरीज कोरोना के कारण दम तोड़ चुके हैं। चिंताजनक यह है कि 996 मरीज अभी आइसीयू में भर्ती हैं। इनमें से 417 मरीज आइसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। डाॅक्टर भी कहते हैं कि यदि मामले रोकने के लिए सख्त कदम नहीं उठाए गए तो मामले बढ़ने के साथ मौत के मामले भी बढ़ेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिल्ली में अब तक छह लाख 76 हजार 414 मामले आ चुके हैं। जिसमें से छह लाख 51 हजार 351 मरीज ठीक हो चुके हैं। मरीजों के ठीक होने की दर 96.47 फीसद से घटकर 96.29 फीसद हो गई है। वहीं मृतकों की कुल संख्या 11,081 हो गई है। इस वजह से मृत्यु दर 1.64 फीसद है।
मौजूदा समय में 13,982 सक्रिय मरीज हैं। इस वजह से अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या 2441 से बढ़कर 2727 पहुंच गई है। वहीं कोविड केयर सेंटर में 32 व कोविड हेल्थ सेंटर में 46 मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा होम आइसोलेशन में रहकर इलाज कराने वाले मरीजों की संख्या 7144 पहुंच गई है।