दिल्ली के लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल में कोरोना का कहर, डॉक्टर समेत 6 स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित
Rohit Sharma
नई दिल्ली :– देश में कोरोना वायरस का संकट बढ़ता ही जा रहा है , कोरोना वायरस के मरीजों के उपचार के लिए स्वास्थ्यकर्मी भी जी-जान से लगे हुए हैं | हालांकि इस बीच स्वास्थ्यकर्मी भी कोरोना की चपेट में आ रहे हैं , अब दिल्ली में 6 स्वास्थ्यकर्मी कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं |
कोरोना वायरस के खिलाफ जारी जंग में स्वास्थ्यकर्मी सबसे आगे खड़े हैं , ऐसे में कोरोना वायरस के मरीजों से संक्रमण स्वास्थ्यकर्मियों में फैलने का डर भी रहता है |
ऐसे कई मामले भी सामने आए हैं, जिसमें स्वास्थ्यकर्मी ही कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं | देश की राजधानी दिल्ली में भी कई स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं |
ताजा मामला दिल्ली का है. जहां दो डॉक्टर और चार नर्सिंग स्टाफ कोविड-19 से पॉजिटिव पाए गए हैं. ये सभी दिल्ली के लेडी हार्डिंग हॉस्पिटल से ताल्लुक रखते हैं. वहीं एक दिन पहले ही तीन और स्वास्थ्यकर्मियों में भी कोरोना वायरस संक्रमण पाया गया था |
बता दें कि देश में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं | देश में अब तक 15700 से ज्यादा कोरोना मरीजों की पुष्टि हो चुकी है. वहीं दिल्ली में करीब 1900 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं | साथ ही दिल्ली में अभी तक 42 लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है |