कपास किसानों के हक़ में पंजाब सरकार के ख़िलाफ पूरे राज्य में AAP का कैंडल मार्च
पंजाब में कपास फ़सल के बर्बाद होने से किसानों की आत्महत्या के मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी की राज्य इकाई ने सोमवार शाम को पूरे राज्य में कैंडल मार्च निकाला। प्रदेश की अलग- अलग विधानसभाओं में कुल 117 जगहों पर पार्टी के कार्यकर्ता सड़कों पर मोमबत्ती लेकर निकले और सरकार के ढीले रुख पर अपनी नाराज़गी ज़ाहिर की। इस मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी राज्य के कपास किसानों के हर मोर्चे पर साथ खड़ी है।
गौरतलब है कि पंजाब में कपास की फसल पर सफ़ेद मक्खी के हमले पर बेअसर नक़ली कीटनाशक से तबाह अब तक एक दर्जन से ज्यादा किसानों ने पिछले डेढ़ महीने के दौरान ख़ुदकुशी कर ली है और इसके लिए सीधे तौर पर राज्य की बादल सरकार द्वारा किया गया घोटाला जिम्मेदार है। सफ़ेद मक्खी कीट से पंजाब में कपास के 11 लाख एकड़ रकबे में करीब 60फीसदी फ़सल तबाह हुई है। आम आदमी पार्टी की मांग है कि राज्य में फ़र्ज़ी कम्पनी को नकली कीटनाशक का ठेका देने वाली बादल सरकार से कृषि मंत्री तोता सिंह को बर्खास्त किया जाए और उन पर आपराधिक मुकदमा दर्ज़ करते हुए उनको तुरंत गिरफ्तार किया जाए। साथ ही आम आदमी पार्टी की यह मांग भी है कि पंजाब के कपास किसानों को 40 हज़ार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुअावज़ा भी दिया जाए।

Comments are closed.