बेईमानों को बाहर निकालने के वायदे पर सत्ता में आए केजरीवाल बेईमानों को संरक्षण दे रहें हैं: कालका
नई दिल्ली, (14 अक्टूबर, 2015): शिरोमणी अकाली दल के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक हरमीत सिंह कालका ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल द्वारा पार्टी विधायकों को माध्यम बनाकर आम आदमी पार्टी के लिए पार्टी फंड एकत्र करने की बनाई गई योजना को अनैतिक तथा भ्रष्टाचार को बढ़ाने वाली नीति बताते हुए कड़ा विरोध जताया है। कालका ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलन्द करके सत्ता प्राप्त करने वाले केजरीवाल पर अपनी इस योजना के कारण जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।
कालका ने केजरीवाल की इस नीति को अवैध उगाही को प्रोत्साहन देने के साथ ही भ्रष्टाचार को चरम सीमा पर ले जाने वाला भी बताया है। कालका ने इस योजना के माध्यम से केजरीवाल द्वारा एक तीर से कई निशाने साधने का भी खुलासा किया है। कालका ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक इस योजना की आड़ में जो अवैध उगाही करेंगे उसे पार्टी फंड का नाम देकर भविष्य में होने वाले स्टिंग आप्रेशनों में उनके पकड़े जाने पर पार्टी द्वारा बचाव करने का रास्ता अख्त्यिार किया जा रहा है ताकि अवैध वसूली को सुरक्षा दी जा सके।
कालका ने कहा कि बेईमानों को बाहर निकालने के वायदे पर जनता का मत प्राप्त करने वाले केजरीवाल आज अपने विधायक दल में बेईमानों की मौजूदगी के बावजूद संरक्षण देकर अपनी कथनी और करनी के अन्तर को सार्वजनिक कर रहें है। कालका ने प्रशासनिक क्षमता में केजरीवाल के अक्षम होने का आरोप लगाते हुए दिल्ली मंे उनके अनुभवहीनता के कारण डेंगू की बीमारी के महामारी का रूप धारण करने के साथ ही प्याज, दालों, तथा अन्य जरूरी वस्तुओं की कीमतों में जबरदस्त उछाल आने का भी दावा किया।

Comments are closed.