शिल्प, कला और संस्कृति का संगम शिल्पोत्सव 2015.

नोएडा में चल रहे 10 दिवसीय शिल्पोत्सव में मौज-मस्ती के साथ शॉपिंग उफान पर है। अगर आप भी शिल्प, कला और संस्कृति के शौकीन हैं तो आप नोएडा शिल्पोत्सव 2015 में एक बार जरूर आइए। यहां आप अपने पूरे परिवार के साथ मौज-मस्ती के साथ तरह-तरह की कलाकृतियों की खरीदारी भी कर सकते हैं।
मेले में शिल्पकला के महत्व को लोग समझने की कोशिश कर रहे है और फैशनेवल वस्तुओं की खूब खरीदारी कर रहे है। आभूषण, कपड़े और खान-पान के स्‍टॉल पर काफी भीड़ देखी जा रही है। यहां मौजूद 500 स्टॉलों पर देश के विभिन्न राज्यों जैसे तमिलनाडू, जम्मू एवं कश्मीर, सीमांध, तेलंगाना, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार व यूपी सहित श्रीलंका, थाईलैंड, चीन तथा कोरिया के हस्तशिल्पी अपनी हस्तकला का प्रदर्शन कर रहे हैं। मेले में शनिवार को भारी संख्या में लोग पहुंचे। शनिवार का दिन होने के कारण काफी संख्या में लोग मेला घूमने आये किन्तु दुकानों के बीच की दूरी अधिक होने तथा सभी रास्तों के अत्यधिक चौड़े होने की वजह से आगंतुकों को किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
फूड कोर्ट में लखनवी, पंजाबी, राजस्थानी, दक्षिण भारतीय, और चायनीज व्यंजनों का स्वाद देने वाले 20 से ज्यादा स्टॉल लगे हुए। मेले में सबसे ज्‍यादा संख्‍या महिलाओं और युवतियों की देखी गई।
मेला परिसर में अस्थायी पुलिस चौकी के साथ पर्याप्त पुलिस फोर्स के इंतजाम किये गये हैं। निजी सुरक्षा एजेंसियों के गार्डों को भी स्टॉलों पर विशेष निगरानी के लिए तैनात किया गये हैं, ताकि किसी तरह की कोई अप्रिय घटना न घटे।

सास्कृतिक कार्यक्रम के तहत शनिवार की खूबसूरत शाम की शमा को देर रात तक जलाये रखने का काम किया सूफियाना महफिल ने। अपनी रुहानी आवाज़ और खूबसूरत अंदाज से सूफी कलाकार अजहर हयात निजामी ने महफिल को खास बना दिया। निजामी ब्रदर्स ने लोगों की फरमाइशों को भी पूरा किया। अल्लाह हू.. अल्लाह हू… गाने से शुरू हुआ सुरीले सफर का यह सिलसिला रात 10 बजे तक चला। हापुड़ घराने के उस्ताद कादिर नियाजी और हैदर निजामी ब्रदर्स का खानदान पिछले कई सालों से हजरत निजामुद्दीन औलिया और ख्वाजा अमीर खुसरो की कव्वाली गायिकी को आगे बढ़ा रहे हैं। निजामी ब्रदर्स ने हाल में आई फिल्म “बजरंगी भाईजान” में भी अपनी गायकी का लोहा मनवाया। इससे पहले गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज नोएडा और सावित्री बाई फूले बालिका इंटर कॉलेज नोएडा के बच्चों ने रंगमंच पर एक से एक प्रस्तुति दी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत कल यानी आखरी दिन 8 नवम्बर को कविता कृष्णमूर्ती अपनी कला का जादू बिखेरेंगी।

Comments are closed.