उत्तरप्रदेश,समाजवाद और शाही जन्मदिन – Comment on News by Abhimanyu Pande , Journalist

Comment on News by Abhimanyu Pande , Journalist

उत्तरप्रदेश,समाजवाद और शाही जन्मदिन।

जब प्रदेश के 50 के करीब जिले सूखाग्रस्त हों,अनियंत्रित अपराध को रोकने की ज़िम्मेदारी लेने वाली पुलिस खुद बदमाशों की शिकार हो रही हो,बिजली,पानी,सड़क,जैसी मूल समस्याओं ने मज़हबी झगड़ों और सामाजिक भटकाव का रूप इख्तेयार कर लिया हो,तब समता,समानता और समाजवाद के पुरोधाओं का एक भव्य समारोह प्रदेश की जनता को मुँह चिढ़ाने जैसा लगता है।इतने बड़े प्रदेश में बिजली संकट है तो क्या।नेता जी का जन्मदिन है।जब नेता जी अखिलेश को मुख्यमंत्री बना कर पिताधर्म निभा सकतें हैं तो मुख्यमंत्री को पुत्रधर्म का पालन करना अनिवार्य से भी अनिवार्य हो जाता है।फिर चाहे राजधर्म कितना भी हाशिये पर चला जाए।प्रदेश भर के हिस्से से थोड़ी थोड़ी बिजली लेकर सैफई को जन्नत बनाना समाजवादी सामंजस्य का ही तो प्रमाण है।भले ही जनता सूर्यास्त के बाद छोटी सी शीशी की ढिबरी की रौशनी में गुजर करती हो,लेकिन राजा के घर पर जब तक शाही जश्न चले,वहां सूर्यास्त की गुंजाईश भी क़ुबूल नहीं।बिना बारिश के सूखी मिट्टी जब अपनी सुगंध भूल बैठी हो,तब लाखों के देशी विदेशी फूलों की महक शांत होकर सोचने पर मज़बूर करती है कि पिछली मुख्यमंत्री को जब उनके जन्मदिन पर नोटों की भारी भरकम माला पहनाई गई थी,तब कुछ समाजवादी विचारधारा के लोगों ने बहुत हो हल्ला मचाया था।सैफई की तेज रौशनी में उनमें से कुछ चेहरे मिलते जुलते दिखाई दिए थे,लेकिन दिल नहीं माना।मालूम नहीं भ्रम तब था या अब है।दुविधा है कि तब ठीक से न पहचान पाया था या अब पहचान नहीं पा रहा हूँ।जिस समाजवाद का प्रबल आभूषण सादगी बताया और पढ़ाया जाता है।जिस समाजवाद की नींव रखने वाले लोहिया जी ने नेहरू की जैकेट की धुलाई के खर्चे तक पर सवाल उठा दिए हों,उसी समाजवाद के परचम तले, स्वयं को समाजवाद का उत्तराधिकारी (एकाधिकारी भी अतिशियोक्ति न होगा) बताने वाले लोग जब ऑस्कर विजेता की धुन पर मस्त हों,तब उत्तरप्रदेश का निरुत्तर रह जाना लाज़मी है।
नेता जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं।

Comments are closed.