पति को बंधक बनाकर पत्नी से सामूहिक दरिंदगी
बहराइच, 21 दिसम्बर :भाषा: जिले के कैसरगंज क्षेत्र में चार लोगों द्वारा एक व्यक्ति को बंधक बनाकर उसकी पत्नी से कथित सामूहिक बलात्कार का मामला प्रकाश में आया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां दर्ज रिपोर्ट के हवाले से बताया कि कैसरगंज थाना क्षेत्र में कल रात 23 साल की एक महिला से चार लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि महिला का पति नशे का आदी है। वह और उसका पति कल शाम लखनउ से बहराइच लौट रहे थे। इसी बीच, खुद को डाक्टर बताने वाले उबैद अंसारी नामक व्यक्ति की महिला से मोबाइल फोन पर बात हुई। इस दौरान अंसारी ने पति का इलाज करने के बहाने दोनों को कैसरगंज क्षेत्र में बस से उतार लिया। महिला अंसारी को पहले से जानती थी।
सूत्रों ने बताया कि अंसारी, उसके साथी शरीफ तथा दो अन्य लोग महिला तथा उसके पति को अपने साथ लेकर गये और कैसरगंज-हुजूरपुर मार्ग पर एक मोबाइल टावर के पास पति को बंधक बनाकर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके शरीफ को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
Comments are closed.