शनिवार और रविवार को भी खुलेंगे सभी बैंक
अब फिक्र छोडि़ए, शनिवार और रविवार को भी खुलेंगे सभी बैंक
नई दिल्ली । केंद्र सरकार की ओर से अमान्य घोषित किए गए 500 और 1000 रुपये के नोटों को बदलने के लिए आरबीआई ने विशेष व्यवस्था की है। आम जनता की सुहिलयत के लिए अब शनिवार और रविवार को बैंक खुले रहेंगे। जिससे आम जनता की समस्याओं का निस्तारण किया जा सके।
इस बाबत आरबीआई ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा कि जनता के लिए सभी बैंक शनिवार, 12 नवंबर और रविवार, 13 नवंबर को भी खुले रहेंगे। हालांकि इस बाद शनिवार और रविवार को बैंक की छुट्टी थी, लेकिन सरकार ने दोनों दिन बैंकों को खोलने का निर्णय लिया है।
ध्यान रहे कि आरबीआई की ओर से यह व्यवस्था सिर्फ इसी शनिवार और रविवार के लिए है। केंद्रीय बैंक के चीफ जनरल मैनेजर राजिंदर कुमार की ओर से जारी बयान में कहा गया है, ‘आम लोगों की बैंकिंग लेनदेन की जरूरत को देखते हुए शनिवार और रविवार को भी बैंक खुले रहेंगे।’
बयान के मुताबिक बैंकों को कहा गया है कि वह अन्य कार्य दिवसों की तरह ही शनिवार और रविवार को भी पूरे ड्यूटी आवर्स में काम करें। इसके अलावा उन्हें सभी तरह के ट्रांजैक्शंस को चालू रखने के लिए कहा गया है।
बैंकों की ओर से भी इस बारे में आम लोगों को जानकारी देने को कहा गया है। रात 8 बजे तक खुलेंगी ICICI बैंक की शाखाएं आईसीआईसीआई बैंक ने 500 और 1000 रुपये के मौजूदा नोटों को बदलने की सुविधा के लिए 10 और 11 नवंबर को सभी शाखाओं को दो घंटे अधिक तक खोलने का आदेश दिया है। यही नहीं बड़े शहरों में बैंक की शाखाएं सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहेंगी।
केंद्र सरकार ने 500 और 1000 के मौजूदा नोटों का चलन बंद करने का ऐलान कर दिया है। इनकी जगह पर अब 500 और 2000 के नए नोट आएंगे। 500 और 1000 के पुराने नोट आधी रात से अवैध हो जाएंगे। इन्हें बैंकों या डाकघरों में जमा किया जा सकता है। इसके लिए 50 दिनों की समयसीमा तय की गई है।
Comments are closed.