NO AADHAR , NO RAILWAY RESERVATION
दिसंबर से आधार नहीं तो रेलवे रिजर्वेशन नहीं
September 13, 2016
नई दिल्ली. अगर आप यात्रा करने के शौकीन हैं या फिर दिसंबर के बाद रेल यात्रा करने जा रहे हैं और आपके पास आधार कार्ड नहीं हैं तो आपके अरमान अधूरे रह सकते हैं. अभी 3 महीने का समय है, आधार कार्ड बनवा लीजिए.
जी हाँ, बहुत जल्द रेल मंत्रालय टिकट बुकिंग सिस्टम को आधार कार्ड से जोड़ने जा रहा है. इसलिए यदि आपके पास आधार कार्ड नहीं है तो आपको ट्रेन की टिकट नहीं मिल पाएगी. इस साल दिसंबर तक आधार से टिकट बुकिंग का काम शुरू हो जाएगा.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आईआरसीटीसी इस साल दिसंबर से इस नियम को लागू करने की तैयारी कर रहा है. जानकारी के मुताबिक नए नियम दो चरणों में लागू किया जा सकता है.
पहले चरण में विशेष छूट वाली टिकट को बुक करने के लिए आधार जरूरी होगा. दूसरे चरण में यह सभी यात्रियों के लिए अनिवार्य हो जाएगा. सरकारी आंकड़ों के मुताबिक़ देश के 96 फीसदी नागरिकों के पास आधार कार्ड है.
अभी रिजर्वेशन कराने के लिए फार्म में नाम, पता, उम्र, मोबाइल नंबर, दूसरे यात्रियों की जानकारी लिखनी पड़ती है. लेकिन आधार कार्ड बुकिंग से यात्री को केवल ट्रेन नंबर, गंतव्य व कैटेगरी के बारे में लिखना होगा.
इस सिस्टम से यात्री का आधार कार्ड नंबर डालते शेष समस्त जानकारी स्वत: कंप्यूटर स्क्रीन पर आ जाएगी. ऐसे यात्री हर बार अपने आधार नंबर से टिकट बुक करा सकेंगे.
इसके साथ ही एक बार पैसेजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) में यात्री का आधार कार्ड नंबर दर्ज हो गया तो भविष्य में उसे बार-बार रिजर्वेशन फार्म भरने के झंझट से मुक्ति मिल जाएगी. इससे रेल टिकटों की दलाली पर भी पूरी तरह से अंकुश लगेगा.