बसपा छोड़ सबने बजाया गाजीपुर में जीत का डंका
बसपा छोड़ सबने बजाया गाजीपुर में जीत का डंका:::मौधा:गाजीपुर लोकसभा का अतीत भी बड़ा दिलचस्प रहा है|देश की केन्द्रीय सत्ता संचालित करने के लिये सरकारों के गठन की चुनावी पद्धति १९५२ से प्रारम्भ हुई|तभी से ही गाजीपुर की २ लोकसभा सीटों पर चुनाव होते रहे|यह सिलसिला २००४ तक कायम रहा|बस वक्त के हिसाब से इसका क्रम संख्या और इतिहास,भूगोल बदलता रहा|१९५२ में लोकसभा के एक क्षेत्र का नाम ६७गाजीपुर और दूसरे का ६८गाजीपुर पूर्वी बलिया था|६७गाजीपुर को सदर सीट और ६८गाजीपुर को दक्षिण पश्चमी सीट कहा जाता रहा|१९५७ के चुनाव में इसकी संख्या और नाम में बदलाव किया गया|दोनों सीटों का नाम क्रमश:३३९रसड़ा और ३४०गाजीपुर पड़ा|१९६२ में इसमें पुन: बदलाव हुआ|ऱसड़ा४८ और गाजीपुर४९ के नाम से जाना जाने लगा|१९६२ तक दोनों सीटें सामान्य ही थीं|१९६७ में रसड़ा को समाप्त कर सैदपुर लोकसभा कर दिया गया|१९६७ के पहले तक गाजीपुर की रसड़ा लोकसभा सीट , जो १९५२ में गाजीपुर पूर्वी मानी जाती थी,का क्षेत्र बलिया जिले में भी आता था|लेकिन १९६७ के चुनाव में लोकसभा बलिया से हटकर जौनपुर की सीमा में प्रवेश कर गया|जौनपुर के केराकत और बयालसी विधानसभा क्षेत्र सैदपुर लोकसभा क्षेत्र अन्तर्गत आ गये|भूगोल के साथ इतिहास भी बदला और दोनों सीटों को सामान्य रखने के बजाय नवगठित सैदपुर लोकसभा को सुरक्षित कर दिया गया|१९६७ से चले क्रम में लम्बे समय तक कोई बदलाव नहीं किया गया|लेकिन २००९ लोकसभा चुनाव के पहले हुये परिसीमन में जिले में २ की जगह १ लोकसभा(गाजीपुर) कर दी गई|सैदपुर लोकसभा का अस्तित्व ही खत्म कर दिया गया|जिले के मोहम्मदाबाद और जहूराबाद विधानसभा को बलिया लोकसभा में जोड़ दिया गया|देखा जाय तो यह बदलाव १९५२ के परिसीमन जैसा ही था|१९५२ में गाजीपुर पूर्वी और बलिया को मिलाकर एक लोकसभा सीट थी|जिसे गाजीपुर पूर्वी बलिया लोकसभा क्षेत्र का नाम दिया गया था|लेकिन २००९ में भूगोल लगभग १९५२ जैसा ही रखते हुए सिर्फ नाम में परिवर्तन कर दिया गया|जिले के मतदाताओं ने बसपा को छोड़ किसी भी क्षेत्रीय या राष्ट्रीय पार्टी को निराश नहीं किया|कांग्रेस,भाजपा,कम्युनिस्ट,सोशलिस्ट,जनता पार्टी,जनता दल,सपा और लोकदल सभी को कभी ना कभी दोनों सीटों पर किसी ना किसी पर प्रतिनिधित्व का मौका मिलता रहा|कभी यह जिला कम्युनिस्टों का गढ़ माना जाता रहा तो कभी चौधरी चरण सिंह ने जिले की तुलना अपने प्रिय क्षेत्र बागपत से की|जिले में कईं ऐसे प्रखर नेता हुए जिन्हे जनता ने दुबारा प्रतिनिधित्व का मौका दिया|हरिप्रसाद को कांग्रेस से २बार १९५२,५७में,सरजू पाण्डेय भाकपा से ४ बार १९५७,६२,६७,७१में,शम्भूनाथ कांग्रेस को दो बार१९६७,७१में,रामसागर भाजपा को दो बार१९७७,८९में प्रतिनिधित्व का मौका मिला|इसी तरह राजनाथ सोनकर शास्त्री जनता पार्टी और जनता दल से दो बार १९८०,९१ में चुने गये जबकि जैनुल बशर कांग्रेस को भी दो बार १९८०,८४में चुना गया|आगे के क्रम में भाजपा से मनोज सिन्हा को दो बार१९९६,९९में और सपा से तुफानी सरोज को भी १९९९,२००४ में प्रतिनिधित्व का मौका मिला|ये आंकड़े जिले की दोनों लोकसभा क्षेत्रों की हैं|अब गाजीपुर में एक ही लोकसभा सीट है,जिसपर पिछले लोकसभा चुनाव में बड़ा ही दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला|बसपा के अफजाल अंसारी को सपा के राधेमोहन सिंह ने तगड़ी मात दी थी|कांग्रेस ने २००९के चुनाव में अपना प्रत्याशी ही नही उतारा,जबकि प्रभुनाथ चौहान जैसे कमजोर प्रत्याशी को उतार कर भाजपा ने खुद को मैदान में होने की तसल्ली भर दी थी|अन्तत: मुकाबला सपा और बसपा के बीच केन्द्रित रहा और अफजाल अंसारी को चुनाव हारना पड़ गया|इस बार जिले की राजनीति में फिर घमासान है|अभी तक तो तस्वीर धुंधली नजर आ रही है लेकिन मुकाबला रोचक होने की पूरी सम्भावना है|जैसे जैसे चुनाव नजदीक आता जाएगा तस्वीर साफ होती जायेगी|संतोष पाण्डेय|
Comments are closed.