दिल्ली के चुनावी दंगल में आज बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती भी उतरीं | मायावती ने दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में अपनी पहली सभा को संबोधित किया और केंद्र-राज्य की सरकारों पर जमकर बरसीं | मायावती ने कहा कि दिल्ली में दलित-पिछड़ों का विकास नहीं हुआ है ऐसे में इस सरकार को आजमाने की कोई जरूरत नहीं है |
आपको बता दे कि नागरिकता संशोधन एक्ट के मसले पर मायावती की ओर से लगातार ट्वीट कर सरकार को घेरा जा रहा है | मायावती ने इस सभा में इस मुद्दे को उठाया और कहा कि पूरे देश में मुस्लिम समाज की हालत भी अच्छी नहीं है , सच्चर कमेटी की रिपोर्ट में भी इसके बारे में बताया है. सीएए, एनआरसी की वजह से मुस्लिम समाज का जीना मुश्किल कर दिया है |
दिल्ली विधानसभा चुनाव की अपनी पहली सभा में मायावती ने कहा की आदिवासियों, पिछड़े, मुस्लिम और अन्य धार्मिक अल्पसंख्यकों के साथ-साथ गरीबों, मजदूरों और किसानों का विकास नहीं हुआ है | दलितों, आदिवासियों से कहना चाहती हूं कि वे अब इस आप पार्टी सरकार को ना आजमाएं |
बसपा प्रमुख बोलीं कि कांग्रेस, बीजेपी, आप पार्टी ने पिछड़े लोगों को आरक्षण देने का वादा नहीं पूरा किया , कांग्रेस और बीजेपी की अंदरूनी मिलीभगत से दलितों की पदोन्नति को रोक रही हैं |
कांग्रेस और भाजपा पर निशाना साधते हुए बसपा प्रमुख ने कहा कि केंद्र में रहते हुए कांग्रेस ने अन्य पिछड़े वर्ग को आरक्षण नहीं दिया , बीजेपी भी ऐसा नहीं करना चाहती थी , लेकिन हमारी पार्टी ने इन दोनों पार्टियों पर दबाव बनाया और जिसके बाद इन्हें झुकना पड़ा |
आर्थिक हालात के मसले पर मायावती ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को घेरा. मायावती बोलीं कि गलत आर्थिक नीतियों की वजह से देश के हालात बुरे हुए हैं , बीजेपी सरकार को धन्नासेठ नहीं बल्कि गरीबों के विकास पर फोकस करना चाहिए |
आपको बता दें कि बहुजन समाज पार्टी दिल्ली के दंगल में लगभग सभी सीटों पर किस्मत आजमा रही है | दिल्ली की 70 में से 68 सीटों पर बसपा ने अपने उम्मीदवारों को उतारा है , 2003 के विधानसभा चुनाव में बसपा दिल्ली में कांग्रेस-बीजेपी के बाद तीसरे नंबर की पार्टी बनकर उभरी थी लेकिन आप पार्टी के राजनीतिक उदय के बाद बसपा के लिए अपना जनाधार बचाए रखना मुश्किल हो गया है |
