बदलती नई दिल्ली में क्या भुला दिए जाएँगे कोरोना योद्धा, क्यों ना सरकार बनाए “कोरोना योद्धा स्मारक”
पिछले एक साल से ज्यादा से देश कोरोना से जंग लड़ रहा है। और बीच में कुछ समय राहत देने के बाद अब हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं।
जहाँ एक तरफ सरकार आमजनो को इस महामारी से बचने के लिए घरों में रहने की सलाह देती है, वहीं दूसरी तरफ लाखों लोग ऐसे भी हैं जो इस लड़ाई में पहली पंक्ति के योद्धा के तौर पर रोज इस महामारी से दो दो हाथ करते हैं। ऐसे ही सैकड़ों कोरोना वारियर्स ने पिछले एक साल के दौरान अपनी जान भी गँवाई है।
एक कृतज्ञ राष्ट्र के रूप में हमें ऐसे योद्धाओं को – जो कभी डॉक्टर के भेष में होते है तो कभी पुलिस कर्मी के रूप में – उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए एक कोरोना योद्धा स्मारक का निर्माण करना चाहिए।
ज्ञात रहे कि यह इस सदी की सबसे बड़ी लड़ाई है जिसमें हजारों हजार लोग रोज अपनी जान गवां रहे हैं और लाखों स्वास्थ्यकर्मी इस महामारी के रोकथाम में लगे हुए हैं।
जहाँ पूरे देश मे पिछले एक साल से कोरोना वायरस का कहर जारी है वहीं कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में लगभग हर प्रदेश के कई अग्रिम पंक्ति के कोविड-19 योद्धा अपनी जान गंवा चुके हैं। परंतु सिर्फ ओड़िशा ही एक ऐसा राज्य है जिसने इनकी यादों को सुरक्षित रखने के लिए घोषणा करी है।
इस साल जनवरी में सीएम नवीन पटनायक ने कहा था कि इस स्मारक का निर्माण ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर (Bhubaneswar) में कराया जाएगा। स्मारक को उन लोगों की याद और सम्मान में बनाया जाएगा जिन कार्यकर्ताओं ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में कर्तव्य पालन करते हुए अपनी जान गंवा दी।
तो क्या इसी तर्ज पर देश की राजधानी दिल्ली में भी कोरोना वॉरियर्स के लिए स्मारक नहीं बनना चाहिए? इस सबसे बड़ी लड़ाई के योद्धाओं को देश को क्या याद नहीं रखना चाहिए?
इस वक़्त जहाँ अस्पतालों में एक- एक सांस की जंग जारी है वहीं दिल्ली के दिल, इंडिया गेट लॉन के पास सभी लॉन्स को खोद कर किसी कथित नई राजधानी का निर्माण किया जा रहा है। हजारों करोड़ की लागत से बन रहे इस सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट में क्या कोविड वारियर्स के लिए जगह नही होनी चाहिए।
बेशक, देश आज जिन हालातों से गुजर रहा है वहाँ प्राथमिकता लोगों की जान बचाना होना चाहिए। परंतु देर सबेर जब भी हम इस जंग को जीत चुके होंगे, हमे उन महान शहीदों को अपने संस्मरण और शहर कि स्म्रति में अवश्य रखना चाहिए जो रोज अपनी जान दांव पर लगा किसी बीमार, किसी बुजुर्ग की सेवा में लगे हैं।