केजरीवाल ने ‘जहां वोट, वहीं वैक्सीनेशन’ के तहत वैक्सीनेशन सेंटर का किया दौरा , पढ़ें पूरी खबर

Ten News Network

नई दिल्ली :– दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज लांसर रोड स्थित राजकीय सर्वोदय विद्यालय में ‘जहां वोट, वहीं वैक्सीनेशन’ अभियान के तहत वैक्सीनेशन सेंटर का दौरा किया और 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को आगे बढ़कर वैक्सीन लगावाने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

सीएम ने कहा कि दिल्ली सरकार की इस मुहिम से लोग बहुत खुश हैं। हमने घर से सेंटर तक आने-जाने के लिए ई-रिक्शे का भी इंतजाम किया है। जिस तरह, मतदान से पहले बीएलओ घर-घर जाकर पर्ची देते हैं, उसी तरह वैक्सीन लगवाने के लिए स्लाॅट की पर्ची दे रहे हैं और लोगों को जागरूक भी कर रहे हैं।

 

सीएम ने कहा कि वैक्सीन को लेकर लोगों के मन में तरह-तरह की अफवाहें फैली हैं, उनको दूर करने की जिम्मेदारी हम सब की है। सीएम ने अपने देश के चुनाव के प्रशासनिक ढांचे की तारीफ करते हुए कहा कि अगर हम अपने चुनावी ढांचे का पूरे देश में इस्तेमाल करते हैं, तो दो से तीन महीने में सबको वैक्सीन लगा सकते हैं।

 

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने दिल्ली में देखा है कि 45 साल की उम्र से उपर के लगभग 50 फीसद लोगों को वैक्सीन लग चुकी है और अभी भी 50 फीसद लोग वैक्सीनेशन से बचे हैं। दिल्ली में करीब 57 लाख लोग 45 साल से अधिक उम्र के हैं और इसमें से करीब 27-28 लाख लोगों को वैक्सीन लग चुकी है और करीब 30 लाख लोगों को अभी वैक्सीन नहीं लगी है।

 

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से देखा जा रहा था कि 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए जो वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं, वहां पर अधिक संख्या में लोग नहीं आ रहे थे। इसलिए हमें लगा कि अब घर-घर जाकर लोगों को वैक्सीनेशन के लिए निमंत्रित करना चाहिए और उन्हें जागरूक करना चाहिए। इसी के मद्देनजर यह नए किस्म का अभियान शुरू किया गया है कि 45 साल से अधिक उम्र के लोगों का ‘जहां वोट, वहीं वैक्सीनेशन’ किया जाएगा।

 

सीएम ने कहा कि अगर हमारे पास 18 से 44 साल की उम्र के लोगों के लिए भी वैक्सीन उपलब्ध होती, तो इसी तरह से उनका भी अभियान चलाया जाता और इसी के साथ उनका भी वैक्सीनेशन पूरा हो जाता। जब 18 से 44 साल के लोगों के लिए वैक्सीन आएगी, तो इसी तरह से अभियान चलाया जाएगा। मुझे लगता है कि हमारा चुनाव का ढांचा बहुत अच्छा है, अगर हम अपने इस ढांचे का इस्तेमाल करें, तो वैक्सीनेशन में काफी सहूलियत मिलेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.