नई दिल्ली :– दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने प्रेस वार्ता करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की महत्वकांक्षी परियोजनाओं में से एक स्वच्छता अभियान को पूरी दिल्ली में बेहतर ढंग से चलाया जाएगा ताकि बरसाती मौसम में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बिमारियों से जनता का बचाव हो सके।
आदेश गुप्ता ने कहा कि तीनों निगमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई के अभियान को तेजी से शुरु कर दिया है। इसके तहत बरसात से तीन निगम क्षेत्रों के 4 फूट से छोटे नाले-नालियों को साफ करने का काम पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इन छोटे नालों का पानी जिन बड़े नालों में जाता है वे दिल्ली सरकार के अंतर्गत आते हैं।
आदेश गुप्ता ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से उन नालों को साफ करवाने की अपील करते हुए कहा कि कल पहले ही बरसात में जिस तरह का जलजमाव हुआ वैसा फिर न हो और दिल्ली स्विमिंग पूल में न बदलें इसके लिए तुंरत उचित कदम उठाए जाए।
आदेश गुप्ता ने कहा कि निगम सिर्फ कॉलोनियों और बाज़ारों की साफ-सफाई ही नहीं बल्कि अपने प्रशासन में भी भ्रष्टाचार की साफ-सफाई कर उसे पूरी तरह से भ्रष्टाचार मुक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े सभी कामों को ई. गवर्नेंस के माध्यम से पारदर्शी बनाने का काम भी किया जा रहा है।
बीजेपी दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि एमसीडी का कोई भी अधिकारी , कर्मचारी, पार्षद और मेयर भ्रष्टाचार करता है , तो उसके खिलाफ पार्टी की तरफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।