नई दिल्ली :– अभिनेत्री कंगना रनौत की फ़िल्म ‘थलाइवी’ कल यानी 10 सितंबर को सभी सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है, जिसको लेकर फ़िल्म प्रमोशन के लिए आज अभिनेत्री कंगना रनौत दिल्ली पहुँची। साथ ही अपनी फिल्म को लेकर मीडिया से मुखातिब हुई।
आपको बता दें कि कंगना रनौत को जयललिता के दमदार किरदार में देखा गया है। कंगना रनौत फिल्म में जयललिता का किरदार निभा रही हैं, फिल्म में जयललिता के फिल्मी सफर से लेकर दिग्गज अभिनेता और राजनेता एमजी रामचंद्रन के साथ उनके रिश्ते और फिर तमिलनाडु की गद्दी पर बैठने तक के सारे पहलुओ को छुआ गया है।
एमजी की भूमिका फिल्म में दिग्गज एक्टर अरविंद स्वामी ने निभाई है। कंगना रनौत ने बताया कि फिल्म की कहानी एक ऐसी लड़की से शुरू होती है, जो एक नॉन-सीरियस एक्ट्रेस है। वो एक्ट्रेस है जे. जयललिता. जयललिता के एक नॉन-सीरियस एक्ट्रेस से लेकर देश की एक शक्तिशाली महिला बनने की कहानी को दर्शाया गया है।
एक ऐसी शक्तिशाली महिला जिसे लोगों का खूब प्यार मिला, लोगों ने इन्हें प्यार से अम्मा कहकर बुलाया। फिल्म में जयललिता के संघर्ष से लेकर तमिलनाडु के लोगों के लिए अम्मा बनने तक के ट्रासफॉर्मेश को दिखाया गया है।
फिल्म का पहला भाग जयललिता के संघर्ष और फिर उनके सुपरस्टार बनने तक का सफर दर्शाता है। फिल्म में उनके और एमजी रामचंद्रन की प्रेमी कहानी पर काफी फोकस किया गया है।
फिल्म का दूसरा भाग जयललिता के राजनीतिक करियर के उत्थान पर है, उनकी एक महिला के रूप में सेल्फ रिस्पेक्ट और उनकी अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से लड़ाई फिल्म को दिलचस्प बनाती है। उनके साथ विधानसभा में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना का भी फिल्म में जिक्र किया गया है।
जयललिता की राजनीति में विवादित एंट्री और फिर तमिलनाडु की राजनीति और एआईएडीएमके में एक शक्तिशाली ताकत के रूप में उभरना काफी संघर्षपूर्ण रहा, जिसे बहुत ही शानदार तरीके से फिल्म में दर्शाया गया है। अब देखने वाली बात होगी कि कल होनी वाली कंगना रनौत की फ़िल्म कितना दर्शकों को लुभाती है।
