भारत में ओमिक्रोण मामलों का आकंड़ा 20 के पार, तेलंगाना मेडिकल कॉलेज में 43 छात्रों को हुआ कोरोना
Ten News Network
New Delhi: भारत में कोरोना वायरस का ओमीक्रॉन वेरिएंट लगातार अपने पंख पसार रहा रहा है। देश अभी कोरोना से पूरी तरीके से उभरा नहीं है इस बीच ओमीक्रॉन वेरिएंट के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जो चिंता का विषय बनता जा रहा है। भारत में रविवार को 18 नए केस आने के बाद सरकार अलर्ट हो चुकी है। अब तक देश के 5 राज्यों- राजस्थान, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात और कर्नाटक में इस नए वेरिएंट के कुल 22 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। ओमीक्रॉन के खतरे को देखते हुए राज्य सरकारें भी सख्ती बरतने के लिए कदम उठा रही हैं और टीकाकरण की गति बढ़ा रही हैं।
आपको बतादें कि जयपुर में जो 9 लोग नए वेरिएंट से संक्रमित पाए गए हैं, उनमें एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं, जो हाल में दक्षिण अफ्रीका से लौटे हैं। लगातार विपक्ष बाहर से आने वाली फ्लाइट को रोक लगाने की मांग कर रहा है।
वहीं अमेरिका के शीर्ष चिकित्सा अधिकारी और राष्ट्रपति जो बाइडन के चीफ मेडिकल एडवाइजर डॉ एंथनी फाउची ने कहा है कि ओमीक्रॉन वेरिएंट देशभर में तेजी से फैल रहा है, लेकिन शुरुआती संकेत बताते हैं कि यह डेल्टा वेरिएंट से कम खतरनाक हैं। हालांकि सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि विश्व स्तर पर शुरुआती क्लीनिकल ट्रायल बताते हैं कि ओमीक्रॉन वेरिएंट कोविड-19 के अन्य वेरिएंट डेल्टा और बीटा के मुकाबले कहीं अधिक संक्रामक हो सकता है और इससे दोबारा संक्रमण का जोखिम भी अधिक हो सकता है।
तेलंगाना के मेडिकल कॉलेज में कोरोना का कहर
इस बीच तेलंगाना के करीमनगर जिले के बोमक्कल में आनंद राव इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सांइस के 43 छात्र और स्टाफ कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं। करीमनगर के जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने इसकी जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, संक्रमितों में 33 कॉलेज के छात्र हैं और बाकी कॉलेज के स्टाफ हैं।
अलर्ट मोड पर मुंबई
ओमीक्रॉन के खतरे को देखते हुए मुंबई में कड़े प्रतिबंध लागू हो गए। सरकार ने सलाह दी है कि पूरी तरह वैक्सीनेशन होने पर ही घर से बाहर निकलें। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने केंद्र सरकार से अपील की है कि अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों और एयरपोर्ट के नियमों पर कड़ा रुख अपनाएं।