चीनी सेना ने अरुणाचल प्रदेश से एक युवक को किया अगवा, कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (20/01/2022): चीनी सेना ने मंगलवार को एक भारतीय नागरिक को अगवा कर लिया है। अरुणाचल ईस्ट से लोकसभा सांसद तापिर गाओ ने एक ट्वीट कर यह जानकारी दी है कि 18 जनवरी 2022 को जिदो गांव के 17 साल के श्री मिराम तरोन का अपहरण कर लिया है। इस पर कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सवाल उठाते हुए उस पर निशाना साधा है।

अरुणाचल ईस्ट से लोकसभा सांसद तापिर गाओ ने एक ट्वीट कर यह जानकारी दी है कि “चीनी #PLA ने जिदो गांव के 17 साल के श्री मिराम टैरोन का अपहरण कर लिया है। कल 18 जनवरी 2022 को ऊपरी सियांग जिले, अरुणाचल प्रदेश के सियुंगला क्षेत्र (बिशिंग गांव) के तहत भारतीय क्षेत्र के अंदर, लुंगटा जोर क्षेत्र (चीन ने 2018 में भारत के अंदर 3-4 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया)‌।”

रक्षा सूत्र के अनुसार, अरुणाचल प्रदेश से लापता हुए युवक मिराम तरोन की घटना के संबंध में सूचना मिलने पर भारतीय सेना ने तुरंत PLA से संपर्क किया है। PLA से उनके पक्ष में व्यक्ति का पता लगाने और युवक को प्रोटोकॉल के अनुसार वापस करने के लिए सहायता मांगी गई है।

अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने कहा है कि “हमें पता चला है कि अरुणाचल प्रदेश के ज़िदो क्षेत्र, ऊपरी सियांग जिले, लुंगटा जोर क्षेत्र से चीन के पीएलए (PLA) द्वारा 17 वर्षीय मिराम टैरोन का अपहरण कर लिया गया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि भारतीय क्षेत्र में चीनी घुसपैठ कर रहे हैं। कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग आगे कहते हैं, “मैंने एसपी यिंगकिओंग से भी बात की थी, जिन्होंने घटना के बारे में पुष्टि की थी‌। यह घटना बिसिंग के पास हुआ, जहां त्सांगपो (नदी) अरुणाचल में सियांग और असम में ब्रह्मपुत्र के रूप में प्रवेश करती है।”

अरुणाचल प्रदेश से लापता हुए युवक मिराम तरोन की घटना पर टिप्पणी करते हुए कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा है कि “यह बात सच है कि चीन हमारी ज़मीन पर अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहा है और उन्होंने कुछ कामयाबी हासिल भी की है। सरकार को मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। हम सरकार का साथ देंगे लेकिन चुप रहना कोई विकल्प नहीं है।”

कांग्रेस पार्टी ने लिखा है “घर में घुसकर मारने से शुरू हुआ सफर, घर में छिप जाने तक पहुंच गया है। यह दुर्भाग्य है कि आज देश के प्रधानमंत्री इतने कमजोर हैं कि चीन का नाम तक नहीं लेते हैं।#मोदीकीचुप्पीलेडूबेगी।”

कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने तापिर गाओ के ट्वीट को रीट्वीट कर प्रधानमंत्री पर टिप्पणी करते हुए कहा है कि “माननीय मोदी जी, चीनी सेना का ये दुस्साहस कैसे कि हमारी सरज़मीं पर फिर घुसपैठ की? चीन की ये हिम्मत कैसे कि वो भारतीय नागरिक को अगवा कर ले गए? हमारी सरकार चुप्पी क्यों साधे है? आप अपने MP की अपील क्यों नहीं सुन रहे? अब ये मत कहिएगा-“न कोई आया, न किसी को उठाया”

Leave A Reply

Your email address will not be published.