Text of Prime Minister Shri #NarendraModi’s concluding remarks during interaction with school children on “Teachers’ Day”

सारे देश भर के मेरे बाल मित्रों, मुझे अच्‍छा लगा। विविध प्रकार के सवालों का मुझे सामना करना पड़ा। मुझे जवाब देने पड़े। लेकिन कुछ सवाल ऐसे थे, मुझे लगता है कि कहीं, मुझे डर लगता है, आपके भीतर का बालक मुरझा तो नहीं गया है। बालक के सवाल, बालक जैसे होने चाहिए। हमारे भीतर के बालक को कभी मुरझाने मत दीजिए। भीतर के बालक के जिंदा रखना चाहिए। वह आपको जिंदा रखता है और इसलिए हंसते खेलते रहिये।

यह उमर ऐसी है बच्‍चों, जिसमें बहुत कुछ नया जानना है, समझना है। हिम्‍मत होती है। छोटा बालक, दीवार पर चढ़ता है तो, डरता नहीं है। चढ़ना है तो, चढ़ना है। कोशिश करता है। वही तो बालकपन की ताकत होती है। वो जितना आप जी पाएंगे, जिंदगी जीने की बहुत अच्‍छा अवसर, आपके जीवन से जुड़ जाएगा और इसलिए हम इसके लिए प्रयास करें।

आज डॉक्‍टर सर्वपल्‍ली राधाकृष्‍णन जी को हम श्रद्धांजलि देते है, नमन करते हैं और हमारे सभी शिक्षकों के प्रति हम आदर व्यक्त करते हैं और आदर ऐसा नहीं, हमेशा मैं कभी स्‍कूलों में जाता था। लेक्‍चर लेक्‍चर देने जाता था, मुझे और कोई काम-धाम नहीं, मैं यही करता रहता था। तो स्‍कूल में कभी पूछता था। मैं कहता था भाई, साल में अब तक कितने बालकों को पढ़ाया होगा। तो टीचर कहता था, मैं दस साल से नौकरी कर रहा हूं, मेरे हाथ के नीचे से 500 स्‍टूडेंट पढ़ कर गए है, कोई कहता था 700 स्‍टूडेंट्स पढ़ कर के गए हैं। मैं पूछता था, इन 500 स्‍टूडेंट आपसे पढ़ कर के गए, 700 पढ़ के गए, उनकी शादी हो गई क्‍या? बोले हां, काफियों की हो गई। वैसे आपको शादी में कितने ने बुलाया होगा? मैं हैरान था, मुश्किल से एक या दो स्‍टूडेंट ऐसे थे, जिन्‍होंने अपने टीचर्स को शादी में बुलाया था। मतलब, कितना कट ऑफ है। टीचर का हाथ हमारे जीवन को कभी हटना नहीं चाहिए। कभी हटना नहीं चाहिए। उनके जीवन का कोई भी शुभ अवसर हो, उसको जैसे अपने रिश्‍तेदारों को बुलाने की इच्‍छा हो, वैसे ही उसको सबसे पहले अपने टीचर को बुलाने की इच्‍छा होनी चाहिए। ये नाता, ये नाता बनना चाहिए।

यहां कई टीचर आज मुझे सुन रहे होंगे, उनके मन में भी सवाल उठेगा। हां, यार, इतने विद्यार्थी पढ़ के गए, कोई मुझे पूछता हीं नहीं है वो कौन सा रिश्‍ता था, क्‍या कमी थी, उस कमी को भरना, यह अपनापन लाना होगा और उसके जीवन में कोई विकास हो तो उसका मन करे। अमरीका पढ़ने चला गया होगा, अमरीका में बहुत बड़ी अच्‍छी नौकरी करता होगा। वो भी कभी एक चिट्ठी लिखे, सर मैं आपका एक स्‍टूडेंट हूं। मैंने अमेरिका में ये पोजिशन पाई है, मैं आपको बता कर के आनंदित होता हूं, इसलिए मैं आपको चिट्ठी लिख रहा हूं। कितने टीचर को चिट्ठी आती होगी, शायद किसी को। अपना स्‍टूडेंट प्रगति करे, जब उसके टीचर को बताने का उसका मन करें, ऐसी छवि ऐसे फुटस्‍टेप्‍स, बालक के जीवन में रहे, यह अगर टीचर करता है, टीचर और बालक का नाता इस प्रकार का बनता है, तो मैं नहीं मानता हूं कि व्यवस्थाएं, कभी रूकावट बनेगी, इंफ्रास्‍ट्रक्‍चर कभी रूकावट बनेगा, जिंदगी बदलने के लिए। ये अपने आप में काफी होगा।

एक माली पढ़ा लिखा नहीं होता है, जिस बगीचे में काम करता है, वहां जो खाद डाला जाता है, उसकी दुर्गंध होती है लेकिन, उसके अंदर सामर्थ्‍य रहता है कि भगवान को भी पसंद आए, ऐसे फूलों को वो सर्जन कर देता है, एक अनपढ़ माली भी ऐसा कर सकता है तो, हमारे पास तो कितने फूल परमात्‍मा ने दिए है। उन फूलों को हम कैसे संवारें, उन फूलों को भारत मां के गले में कैसे अर्पित करें, ये अगर सपना हम टीचरों का रहेगा तो, मैं मानता हूं कि देश और दुनिया को यह देश बहुत कुछ दे सकता है। डॉक्‍टर राधाकृष्‍णन जी के जीवन से हम यही प्रेरणा लें और हम भी कुछ करे।

आप सबसे मिलने का अवसर मिला, देशभर के बालकों से बातचीत करने का अवसर मिला, मेरे लिए यह सबसे संतोष का काम है। मैं जब गुजरात में मुख्‍यमंत्री था तो बच्‍चों को स्‍कूल ले जाने का कार्यक्रम करता था। फर्स्‍ट डे जब स्‍कूल ओपनिंग होती थी तो मैं खुद गांव में जाता था। जहां एजुकेशन न हो, और वहां तो उस समय 45 टेम्‍परेचर रहता है, जून महीने में 45 टेम्‍परेचर में मैं गांव जाता था। घर घर जाकर बच्‍चों को स्‍कूल ले जाता था।

मैंने एक बार कहा था भाषण में, मैंने कहा था कि मुख्‍यमंत्री के नाते शपथ समारोह का मुझे जो आनंद आता था, उससे ज्‍यादा आनंद उस गांव के गरीब की बेटी को हमें स्‍कूल में दाखिल करते हुए आता है। ये मेरा मिज़ाज है। इस मिज़ाज को ले करके मुझे आगे बढ़ना है।

बहुत बहुत शुभकामनाएं, बहुत बहुत शुभकामनाएं।

धन्‍यवाद।

Comments are closed.