आधुनिक युग में बौद्ध धर्म की प्रासंगिकता’ विषय पर विचार संगोष्ठी आयोजित, गाजियाबाद।
अतियों को त्यागकर मध्य मार्ग पर चलना ही बौद्ध धर्म- डाॅ. धर्मकीर्ति
– मेवाड़ में ’ आधुनिक युग में बौद्ध धर्म की प्रासंगिकता’ विषय पर विचार संगोष्ठी आयोजित – संवाद नामक स्मारिका का भी हुआ लोकार्पण – बुद्ध ने जीवन जीने की सर्वश्रेष्ठ पद्धति लोगों को बतायी- डाॅ. गदिया गाजियाबाद। दिल्ली सरकार के अधीन शिक्षा निदेशालय के पूर्व अतिरिक्त शिक्षा निदेशक डाॅ. ध् ार्मकीर्ति ने कहा कि दो अतियों का त्यागकर मध्य मार्ग पर चलना ही बौद्ध धर्म है। अष्टांग योग ही बौद्ध धर्म का मूल है। जो आधुनिक युग में भी प्रासंगिक है। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस के विवेकानंद सभागार में आयोजित मासिक विचार संगोष्ठी में उन्होंने यह बात लोगों को कही। विचार संगोष्ठी का विषय- ’आधुनिक युग में बौद्ध धर्म की प्रासंगिकता’ था। इस अवसर पर ’संवाद’ नामक स्मारिका का भी लोकार्पण किया गया।
विचार संगोष्ठी में डाॅ. धर्मकीर्ति ने कहा कि महात्मा बुद्ध की शिक्षा पूरे पंचशील में व्याप्त है। अहिंसा, ब्रह्मचर्य, झूठ-बकवास से दूर और मादक पदार्थों से दूर रहना ही बुद्ध की शिक्षा है। भगवान बुद्ध मूर्ति पूजक नहीं थे। उन्होंने स्वयं को भगवान का अवतार भी नहीं कहा। बुद्ध नीतिशास्त्र पर विश्वास करते थे। वह मन को स्वतंत्र छोड़कर कर्म के प्रति जिम्मेदारी को अह्म मानते थे। उन्होंने खाओ पियो मौज करो, ईश्वरीय सत्ता पर विश्वास करो और आत्मा की अमरता पर विश्वास नहीं किया। उन्होंने कर्म की आजादी पर भी प्रश्नचिह्न लगाया। उन्होंने दावा किया कि अष्टांगिक योग में ही महात्मा बुद्ध की पूरी शिक्षा निहित है।
मेवाड़ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डाॅ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि हर कालखंड में धर्म की व्याख्या परिस्थिति के अनुसार हुई है। महात्मा बुद्ध के समय में ढाई हजार साल पहले समाज में विद्रूपताएं थीं, अनाचार था, अधर्म था, अतिवाद पर अंकुश नहीं था। ऐसे में महात्मा बुद्ध ने मध्य मार्ग पर चलने की लोगों को नसीहत देकर समाज में संतुलन पैदा करने का काम किया। उन्होंने जीवन जीने की सर्वश्रेष्ठ पद्धति लोगों को बताई। उन्होंने उदाहरण देकर मध्य मार्ग को स्पष्ट किया। बताया कि वीणा के तारों को इतना भी मत कसो कि वह टूट जाये और इतना ढीला भी मत रखो कि उससे सुर ही न निकले। उन्होंने बताया कि तत्व ज्ञान में मनुष्यकृत विकार न आये इसलिये महात्मा बुद्ध को पढ़ना जरूरी है।
इससे पूर्व उन्होंने मुख्य वक्ता डा. धर्मकीर्ति को शाॅल व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उपस्थित लोगों ने मुख्य वक्ता से अनेक सवाल-जवाब भी किये। इस अवसर पर विचार संगोष्ठियां-2014-15 की संवाद नामक स्मारिका का भी लोकार्पण किया गया। इसमें पिछले वर्ष के 12 वक्ताओं के व्याख्यान प्रकाशित किये गये हैं। संगोष्ठी में मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डाॅ. अलका अग्रवाल, वरिष्ठायन संस्था के सदस्य वैद्य शांति कुमार मिश्र, दिवंकर कौशल, शैलेन्द्र पाठक समेत मेवाड़ का समस्त शिक्षण स्टाफ मौजूद था। संगोष्ठी का सफल संचालन प्रोफेसर आईएम पांडेय ने किया।
