शहीद मेले के दूसरे दिन नाटक, क्रान्तिकारी गीतों एवं फिल्म के ज़रिये याद किये गये भगतसिंह, सुखदेव एवं राजगुरू

भगतसिंह, सुखदेव एवं राजगुरू के 84 वें शहादत दिवस पर छजारसी, नोएडा सेक्टर 63 में आयोजित तीन दिवसीय शहीद मेले के दूसरे दिन आज विभिन्न सांस्कृतिक माध्यमों के ज़रिये शहीदों के जीवन, उनकी कुर्बानी, उनके सपनों एवं उनके विचारों को आमजन तक पहुँचाया गया।
शहीद मेले के दूसरे दिन विहान सांस्कृतिक टोली ने फैज अहमद फैज, साहिर लुधियानवी, शशिप्रकाश के क्रान्तिकारी गीतों को प्रस्तुत किया जिससे शहीद मेले का समां बँध गया। गीतों के बाद ‘देख फकीरे लोकतंत्र का फूहड़ नंगा नाच’ नाटक का मंचन किया गया! इस नाटक में मौजूदा संसदीय राजनीति की नंगी सच्चाई बयान की गई और भगतसिंह के सपनों का भारत बनाने की ज़रूरत पर बल दिया गया। इसके बाद ‘द लीजेंड आफ भगतसिंह’ फिल्म दिखायी गई।
गीतों, नाटकों, फिल्मों के अतिरिक्त इस मेले में शहीदों एवें क्रान्तिकारियों के जीवन एवं उनके विचारों से जुड़ी पुस्तकों एवं पोस्टर की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। साथ ही बच्चों के लिए झूले और विभिन्न किस्म के खेल भी इस मेले की शोभा बढ़ा रहे हैं।
यह शहीद मेला कल 23 मार्च तक छजारसी के नव सरस्वती शिक्षा सदन स्कूल के बगल स्थित मैदान में लगा है। युवाओं के क्रान्तिकारी संगठन नौजवान भारत सभा ने कुछ अन्य जनसंगठनों के साथ मिलकर इस मेले को आयोजित किया है। आज सुबह नौजवान भारत सभा के कार्यकर्ताओं ने पूरे छजारसी कालोनी में प्रभात पफ़ेरी लगाई। कल 23 मार्च को भगतसिंह, सुखदेव एवं राजगुरू की शहादत दिवस के दिन एक मशाल जुलूस निकाला जायेगा और विभिन्न सांस्कृतिक माध्यमों से शहीदों को श्रद्धांजलि दी जायेगी।

Comments are closed.