कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी ने भी भूमि अध्यादेश को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है

नई दिल्ली। कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी ने भी भूमि अध्यादेश को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। केंद्र को घेरने के लिए आम आदमी पार्टी आज दिल्ली के जंतर मंतर पर किसान रैली कर रही है। इस रैली में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल किसानों को संबोधित करेंगे। यहां बड़ी संख्या में आप कार्यकर्ता और समर्थक जुट गए हैं।
इसके अलावा आम आदमी पार्टी ने अपने नेता संजय सिंह की अध्यक्षता में किसान संघर्ष समिति का निर्माण किया है जिनकी अगुवाई में आज जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके बाद संसद भवन तक मार्च भी होगा। हालांकि दिल्ली पुलिस ने इसकी इजाजत नहीं दी है। वहीं संजय सिंह ने कांग्रेस और बीजेपी दोनों को निशाने पर लेते हुए कहा कि दोनों पार्टियां किसानों के साथ धोखा कर रही हैं।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसे आज होने वाली आम आदमी पार्टी की रैली के बारे में कोई जानकारी नहीं है और न ही इस बारे में कोई इजाजत ली गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक संसद सत्र के दौरान नई दिल्ली इलाके में धारा 144 लागू रहती है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे में अगर किसी ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का ये भी कहना है कि आम आदमी पार्टी के समर्थकों को संसद की तरफ मार्च से रोकने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया जाएगा।

Comments are closed.