सौरभ भारद्वाज का बयान , बीजेपी ने भ्रष्ट पार्षदों को बनाया साउथ एमसीडी का महापौर और नेता सदन

Ten News Network

नई दिल्ली :– आम आदमी पार्टी ने भाजपा द्वारा साउथ एमसीडी में भ्रष्ट पार्षदों को महापौर और नेता सदन बनाए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई। ‘आप’ के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने जिसको जेल भेजने के लिए कहा था और जिसने सुप्रीम कोर्ट में माफी मांगी थी, ऐसे पार्षद को भाजपा ने महापौर बना दिया है।

 

अधिकारियों को धमकाने और सुप्रीम कोर्ट में बिना शर्त माफी मांगने वाले पार्षद मुकेश सुर्यान को भाजपा ने साउथ एमसीडी का महापौर नियुक्त किया है। साउथ एमसीडी में भाजपा के नेता सदन इंद्रजीत सहरावत की संपत्ति भी पिछले तीन साल में कई गुना बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि एमसीडी चुनाव से पहले दिल्ली को जितना लूटा जा सकता है, उतना लूटने की दिल्ली भाजपा में तैयारी चल रही है। आम आदमी पार्टी जानना चाहती है कि क्या दिल्ली भाजपा अपने भ्रष्ट पार्षदों को सस्पेंड करेगी?

 

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने जब 2017 में एमसीडी का चुनाव लड़ा था, तब नारा दिया था, ‘नए चेहरे नई उड़ान, दिल्ली मांगे कमल निशान’ और भाजपा ने अपने सभी मौजूदा पार्षदों को बदल दिए थे, क्योंकि सभी पार्षदों को जनता न तो पसंद करती थी और बहुत बदनाम थे। बहुत सारे पार्षदों के ऊपर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप थे।

 

अवैध मकान बनाने से लेकर दुकान खोलने तक में खुलकर के पैसे मांगे जा रहे थे। इसलिए भाजपा ने सभी पुराने पार्षदों को बदलकर नए चेहरों को लाया था। इंद्रजीत सहरावत महिपालपुर के वार्ड से पहली बार पार्षद चुने गए हैं और इस बार इनको नेता सदन बनाया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.