नई दिल्ली :– दिल्ली की बड़ी खबर सामने आई है, आपको बता दें कि आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राष्ट्रीय संयोजक के रूप में चुना है। वहीं, पंकज गुप्ता को सचिव और एनडी गुप्ता को पार्टी कोषाध्यक्ष का प्रभार सौंपा गया है।
दरअसल, आम आदमी पार्टी के नव निर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की आज संपन्न हुई पहली बैठक में सर्व सम्मति से यह निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा चुने गए ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एनडी गुप्ता का कार्यकाल 5 साल का होगा।
आम आदमी पार्टी की डिजिटल माध्यम से नेशनल काउंसिल की बैठक हुई थी। यह बैठक आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई। जिसमें पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे।
इस बैठक में 34 नए राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य चुने गए थे। इन कार्यकारिणी सदस्यों में ‘आप’ के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, इमरान हुसैन, राजेंद्र पाल गौतम, राघव चड्ढा, आतिशी, राखी बिड़लान आदि के नाम शामिल है।
वहीं, आम आदमी पार्टी की नव निर्वाचित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आज पहली बैठक हुई। इस बैठक में राष्ट्रीय संयोजक, राष्ट्रीय सचिव और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान सभी कार्यकारिणी सदस्यों ने एकमत से पार्टी के वरिष्ठ नेता अरविंद केजरीवाल को राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने पर सहमति जताई।
साथ ही, कार्यकारिणी सदस्यों ने सर्व सम्मति से वरिष्ठ नेता पंकज गुप्ता को राष्ट्रीय सचिव और एनडी गुप्ता को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चुन लिया। वहीं, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की जल्द ही दूसरी बैठक आयोजित की जाएगी। उस बैठक में राज्यवार चुनाव को लेकर विश्लेषण किया जाएगा। साथ ही, देश के राजनीतिक हालात पर चर्चा की जाएगी।
