नई दिल्ली :– आम आदमी पार्टी की वरिष्ठ नेता और विधायक आतिशी ने आज वैक्सीनेशन बुलेटिन जारी किया। आतिशी ने कहा कि दिल्ली में 45 वर्ष से अधिक उम्र की श्रेणी के 42 फीसदी लोगों को वैक्सीन लगायी जा चुकी है। दिल्ली में 45 वर्ष से अधिक उम्र की श्रेणी के 24.32 लाख लोगों को वैक्सीन लग गई है। दिल्ली में जितने ज्यादा से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी उससे दिल्ली हर्ड इम्यूनिटी की तरफ बढ़ेगी और बीमारी का संक्रमण रुकेगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में चौथे दिन भी 18 से 44 वर्ष की श्रेणी का वैक्सीनेशन बंद रहा है। किसी भी सरकारी स्कूल में युवाओं को वैक्सीन नहीं लगायी गई है। दिल्ली में कल 26 मई को सिर्फ 34 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई गई। जिसमें से 30 हजार लोगों को पहली और साढ़े तीन हजार लोगों को दूसरी डोज लगाई।
45 वर्ष से अधिक वर्ष की श्रेणी के लिए कोवैक्सीन की डोज खत्म हो चुकी हैं और कोवीशील्ड का 11 दिन की स्टॉक उपलब्ध है। केंद्र सरकार से फिर अपील है कि डब्ल्यूएचओ से अनुमति प्राप्त वैक्सीन को भारत में अनुमति देकर इनका आयात किया जाए।
विधायक आतिशी ने कहा कि केंद्र सरकार की तरफ से अभी तक दिल्ली को वैक्सीन नहीं मिली है। वैक्सीन कंपनी भारत बायोटेक और सीरम इंस्टिट्यूट ने स्पष्ट कर दिया है कि राज्यों को जो वैक्सीन की आपूर्ति होती है वह सिर्फ केंद्र सरकार के कहने पर होती है। केंद्र सरकार वैक्सीन की जितनी डोज राज्यों को देने के लिए कहेगी उतनी ही वैक्सीन राज्यों को मिलेंगी।पिछले डेढ़ साल से जब से यह महामारी शुरू हुई है तभी से दिल्ली वालों ने इसका कहर सबसे ज्यादा झेला है। क्योंकि अंतर्राष्ट्रीय फ्लाइट दिल्ली आती हैं और इससे हर तरह का वेरिएंट दिल्ली में सबसे पहले आता है। इसलिए दिल्ली के युवाओं के लिए वैक्सीनेशन बहुत जरूरी है।
दिल्ली में अब जैसे-जैसे हम लॉकडाउन खोलेंगे तो युवाओं को अपने घर से बाहर नौकरी के लिए जाना होगा और अपने परिवार का पालन पोषण करना होगा। केंद्र से सरकार से अपील है कि दिल्ली को कोवैक्सीन और कोवीशिल्ड की डोज उपलब्ध करवाएं।
