प्राधिकरण दिवस में आईं 162 शिकायतें.
गुरूवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में प्राधिकरण दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 162 शिकायतें आई, जिसमें से 32 शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया और 130 से अधिक शिकायतों का निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
अथॉरिटी डे सुबह 11 बजे शुरू हो गया। ओएसडी मथुशालिनी, एसईओ हरीश कुमार वर्मा, एसीईओ मानवेंद्र सिंह व योगेंद्र यादव समेत सभी विभागों के अधिकारी इसमें मौजूद रहे। शिकायत करने से पहले पहले टोकन नंबर लेना होता था। उसके बाद उस पर दूसरी टेबल पर मुहर लगाकर डेट लिखी जाती और फिर एक मैनेजर शिकायत पर संबंधित विभाग का नाम लिखते। इसी के बाद फरियादी को अधिकारियों के पास भेजा जाता था। शिकायत के बाद उसे कंप्यूटर में फीड़ किया गया और शिकायत नंबर की पर्ची दी गई। इसके आधार पर उसके निस्तारण की कार्रवाई के बारे में जानकारी ली जा सकेगी। दोपहर 2 बजे तक करीब 100 शिकायतें आईं। इनमें आबादी के मसले, अधिग्रहित जमीन के बदले में मिलने वाले प्लॉट, सेक्टरों में समस्याएं व डिमांड आदि को लेकर अधिक मामले आए। बगैर टोकन नंबर लिए घुसने से रोकने पर साकीपुर निवासी जयवीर भाटी ने जमकर हंगामा किया और अधिकारियों पर रिश्वत लेने तक के आरोप लगा डाले। वह 6 प्रतिशत प्लॉट न मिलने की शिकायत को लेकर पहुंचे थे। उन्हें पुलिसकर्मियों ने संभाला और बाद में एसीईओ योगेंद्र यादव बाहर आकर उनसे मिले।
वहीं विभिन्न संगठनों व आरडब्ल्यूए ने भी इसमें अपनी शिकायतें व डिमांड रखीं। गोल्डन फैडरेशन ऑफ आरडब्ल्यूए की ओर से सभी आरडब्ल्यूए को मान्यता देने, सभी गोल चक्करों पर सीसीटीवी लगाने, सेक्टरों में पानी व टॉयलेट उपलब्ध कराने, बंदरों व कुत्तों के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग रखी। एक्टिव सिटीजन टीम की ओर से परी चैक को ऑटो के लिए नो स्टॉपिंग जोन घोषित करने, विश्व भारती व होंडा सीएल कट पर गोल चक्कर बनवाने, आम जनता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी कराने व कानून व्यवस्था मजबूत कराने की मांग की गई। ओमीक्रॉन-2 आरडब्ल्यूए की ओर चारदीवारी का निर्माण कराने, कमर्शल एक्टिविटी बंद कराने, सभी आवंटियों को कब्जा दिलाने, सड़कों की मरम्मत, स्पीड़ ब्रेकर, मार्केट, ट्रांसपोर्ट व पार्क आदि की मांग रखी गईं। फैडरेशन ऑफ ग्रेटर नोएडा रेजीडेंस वैलफेयर असोसिएशन की ओर से रेलवे स्टेशनों तक ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था कराने, पुलिस बल की बढोत्तरी, अवैध पीजी बंद कराने व कम्यूनिटी सेंटर व मैरिज होम के लिए पार्किंग की व्यवस्था कराने की मांग की। रेलवे स्टेशनों तक ट्रांसपोर्ट के लिए अथॉरिटी अधिकारियों ने एआरएम ग्रेटर नोएडा को कार्रवाई के लिए लिखा है।
विकास भवन में अल्पसंख्यक अधिकार दिवस आयोजित।
गेटर नोएडा। शासन के निर्देश पर गुरूवार को विकास भवन में अल्पसंख्यक अधिकार दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अल्पसंख्यकों की समस्याओं को सुना गया और उनका निस्तारण किया गया।
जिलाधिकारी चन्द्रकान्त ने जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के सौजन्य से आयोजित अल्पसंख्यक अधिकार दिवस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के द्वारा अल्पसंख्यकों की शिक्षा को बढावा देने के लिये अनेक योजना चलायी जा रही है, जिससें गरीब अल्पसंख्यकों को उनका लाभ भी प्राप्त हो रहा है। जिलाधिकारी ने इस मौके पर अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्तियों का यह भी आहवान किया कि इस दिवस को मनाये जाने का उद्देश्य तभी पूर्ण होगा कि जनपद के सभी अल्पसंख्यक वर्ग के व्यक्ति अपने अधिकारों के प्रति सचेत रहे और आने वाली समस्याओं के बारे में जिला प्रषासन को अवगत कराये ताकि स-समय उनका निस्तारण कराया जा सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों की शुल्क प्रतिपूर्ति योजना सरकार के द्वारा प्रदान की जा रही है। इसी के साथ ही अल्पसंख्यक वर्ग के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले अभिभावकों की पुत्री की शादी के लिये 10 हजार रूपये का अनुदान प्रदान किया जा रहा है। उन्होंनें बताया कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं में मदरसा आधुनिकरण, गर्ल्स हास्टल निर्माण योजना, वक्फ सम्बन्धी योजनायें, कब्रिस्तानों की चारदीवारी, अल्प मात्राकरण तथा एमएसडीपी योननाओं में अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्तियों का भरपूर लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने यहां पर यह भी बताया कि जनपद में 10 कब्रिस्तानों की चारदीवारी का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जनपद में पूर्ण करा दिया गया है और यह एक अनवरत योजना है जिसमें वर्ष 13-14 एवं 14-15 में प्राप्त बजट के सापेक्ष जनपद में लगभग 25 कब्रिस्तानों की चारदीवारी का कार्य इस वर्ष पूर्ण करा लिया जायेगा। चन्द्रकान्त ने बताया कि यह जनपद मल्टी सेक्टोरल डेवलपमेंट प्लान में भी चयनित है जिसमें अल्पसंख्यक बाहुल्य क्षेत्रों में अनेकों प्रकार के विकास कार्य कराये जा रहे है। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के द्वारा मदरसा आधुनिकीकरण एवं मदरसा मान्यता योजना भी संचालित है। उन्होंने कहा कि इस दिवस का मनाने का उद्देश्य तभी पूरा होगा जब अल्पसंख्यक वर्ग के शिक्षित जनमानस संचालित योजनाओं का अपने अपने क्षेत्र व्यापक प्रचार प्रसार करे ताकि पात्र लाभार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का और अधिक लाभ प्राप्त हो सकें। कार्यक्रम में परियोजना निदेशक डीआरडीए एसपी सिंह, बीएसए अधिकारी अशोक कुमार, जिला विकास अधिकारी डा रामआसरे, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार, जिला आबकारी अधिकारी कुलदीप सिंह यादव आदि उपिस्थित रहे।
Comments are closed.