जानें चार साल की उम्र से संगीत का सफर शुरू करने वाला आलोकेश कैसे बना बप्पी लहरी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (16/02/2022): बप्पी लहरी एक मशहूर संगीतकार और गायक थे। उनके चाहनेवाले एवं प्रशंसक ना केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी एक बड़े तादाद में हैं। संगीतकार बप्पी लहरी का निधन 69 साल की उम्र में मुंबई के अस्पताल में बुधवार को हो गया, जिससे कि बॉलीवुड एवं संगीत जगत सहित पूरा देश उनके शोक का माहौल है। सोशल मीडिया पर देश-दुनिया की तमाम हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

वहीं बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार ने भी बप्पी लहरी के निधन पर दुख जताया उन्होंने ट्वीट कर लिखा “आज हमने संगीत उद्योग से एक और रत्न खो दिया है। बप्पी दा, आपकी आवाज मेरे सहित लाखों लोगों के नाचने का कारण थी। आपने अपने संगीत के माध्यम से जो भी खुशियां लाईं, उसके लिए धन्यवाद। परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।”

एआर रहमान ने दिग्गज संगीतकार और गायक बप्पी लहरी के निधन पर शोक व्यक्त कर ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि, “#RIPBappida… बप्पी लाहिरी, हिंदी सिनेमा के डिस्को किंग!”

गायक अदनान सामी ने बप्पी लहरी को श्रद्धांजलि देते हुए ट्विटर पर उनके गानों की लाइन शेयर करते हुए लिखा, वो भारत के पहले ‘रॉक स्टार’ थे। प्यार और उदारता से भरे थे बप्पी दा आपकी बहुत याद आएगी चलते चलते हैं, मेरे ये गीत याद रखना और कभी अलविदा ना कहना कभी अलविदा ना कहना, बप्पी दा की आत्मा को शांति मिले।

मशहूर गायक अरमान मलिक ने ट्वीट कर लिखा है कि इस नुकसान को संसाधित नहीं कर सकता, मैं वास्तव में विश्वास नहीं कर सकता कि आप चले गए हैं। आपको बहुत याद करूंगा बप्पी दा। एक छोटे बच्चे के रूप में और मेरे पूरे करियर में आपने जो प्यार, समर्थन और प्रोत्साहन दिया, उसे मैं कभी नहीं भूलूंगा। उन्होंने आगे लिखा कि उनसे आखिरी बार 28 जून, 2021 को मिले थे। हम एक साथ एक बंगाली गाने की रिकॉर्डिंग कर रहे थे। कौन जानता था कि यह हमारी आखिरी मुलाकात होगी। जीवन इतना अप्रत्याशित है। आपकी दयालु आत्मा को शांति मिले बप्पी दा।

बप्पी लहरी की पहचान

बप्पी लहरी को ज्यादातर लोग बप्पी दा कहकर बुलाते थे और वह हमेशा सोने की ज्वेलरी पहनते थे जिससे कि उनकी एक अलग ही पहचान थी। उनका पहनावा बिल्कुल अलग था वह रंग बिरंगे कपड़े और ढेर सारे ज्वेलरी पहनते थे। बप्पी लहरी की जिमी-जिमी, आजा आजा सबसे ज्यादा लोकप्रिय गाना है जिसे आज भी लोग गाते है। इसके अलावा बप्पी लहरी के मशहूर गाने डिस्को डांसर, हिम्मतवाला, शराबी, एडवेंचर ऑफ टार्ज़न, डांस-डांस, सत्यमेव जयते, कमांडो, आज के शंहंशाह, थानेदार, नंबरी आदमी, शोला और शबनम हैं। उनके संगीत का बॉलीवुड और हॉलीवुड दोनों जगह पहचान है।

बप्पी लहरी का असली नाम आलोकेश लहरी था जिसे हम लोग बप्पी लहरी के नाम से जानते थे। वह अपनी करियर की शुरुआत चार साल की उम्र में लता मंगेशकर के साथ किया था उन्होंने लता मंगेशकर के एक गीत में तबला बजाकर मशहूर हुए थे तब से आलोकेश लहरी को सब प्यार से बप्पी बुलाने लगे थे और तब से अब तक वह बप्पी दा के नाम से बॉलीवुड ही नहीं हॉलीवुड में भी मशहूर हो गए।

बप्पी लहरी का जन्म 27 नवंबर 1952 को कोलकत्ता में हुआ था। उन्होंने अपने अलग अंदाज की वजह से फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई थी। बप्पी लहरी का फिल्म इंडस्ट्री में 48 साल का करियर था। उन्होंने अपने करियर में तकरीबन 5,000 गाने कंपोज किया था। उन्होंने हिंदी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मलयालम, कन्नड़, गुजराती, मराठी, पंजाबी, उड़िया, भोजपुरी, आसमी भाषाओं के साथ-साथ बांग्लादेश की फिल्मों और अंग्रेजी गानों को भी कंपोज किया था।

बप्पी लहरी का राजनीतिक सफर

वर्ष 2014 में बप्पी लहरी राजनीति में भी आने का प्रयास किए थे। उस समय वह बीजेपी में शामिल हुए थे और उन्होंने कहा था कि देश में नरेन्द्र मोदी यानी बीजेपी की लहर है। वर्ष 2014, लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने बप्पी लाहिरी को हुगली ज़िले के श्रीरामपुर लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था लेकिन वह चुनाव हार गए थे। वर्ष 2014 से पहले भी उनका राजनीति में नाम जुड़ा। इससे पहले वह 2004 में कांग्रेस के लिए चुनाव प्रचार किए थे।

बता दें कि अस्पताल के निदेशक डॉ दीपक नामजोशी के मुताबिक, बप्पी लहरी ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया और बार-बार होने वाले सीने में संक्रमण से पीड़ित थे। इसके साथ वे 29 दिनों तक जुहू के क्रिटिकेयर अस्पताल में अस्पताल में भर्ती थे उन्हें अस्पताल से 15 फरवरी को छुट्टी दे दी गई थी लेकिन घर पर एक दिन रहने के बाद, उनका स्वास्थ फिर से बिगड़ गया और उन्हें गंभीर स्थिति में क्रिटिकेयर अस्पताल में वापस लाया गया और लगभग 11.45 बजे उनकी बीमारी के कारण उनकी मृत्यु हो गई। वह पिछले साल से कोविड संक्रमण से पीड़ित थे। उन्हें पिछले 1 साल से ऑब्सट्रक्टिव स्लीप ऐप्नीअ (OSA) था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.