नई दिल्ली :– दिल्ली के सांसद हंस राज हंस ने वाल्मिकी समाज के साथ हो रहे अन्याय पर केजरीवाल सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने केजरीवाल को याद दिलाया कि जिस कोरोना काल में आप पूरी तरह से गायब रहे, उस वक्त यही वाल्मिकी समाज के लोग घर का कचड़ा उठाकर यह सुनिश्चित कर रहे थे कि दिल्ली साफ रहे।
हंसराज हंस ने कहा कि पिछले कई दिनों से जिस प्रकार दिल्ली सरकार वाल्मिकी समाज के लोगों को धोखा दे रही है और अपमानित कर रही है, वह जगजाहिर है। उन्होंने कहा कि यह समझने की जरुरत है कि सुबह अपने बच्चों को घर पर सोता छोड़ सफाई कर्मचारी दूसरों के घर में कूड़ा उठाने आते हैं, लेकिन सरकार सफाई कर्मचारियों और कोरोना योद्धाओं का मासिक वेतन भी नहीं दे रही है।
आम आदमी पार्टी की सरकार ने जिन पैसों को संवैधानिक तौर पर निगमों को देने के लिए दिल्ली विधानसभा में पारित किया था यानि 13,000 करोड़ रुपये भी अभी तक नहीं दिय़ा।
बीजेपी सांसद हंस ने कहा कि केजरीवाल सरकार के मंत्री जो घोषणा करते हैं वो पूरी नहीं करते। आखिर केजरीवाल सरकार को हमारे समाज से इतनी नफरत क्यों है? वाल्मिकी समाज को बार-बार हाथ में कटोरा लेकर भीख मांगते हुए आम आदमी पार्टी क्यों देखना चाहती है?
साथ ही उन्होंने केजरीवाल से सवाल पूछा कि आखिर निगम का पैसा कब मिलेगा? केजरीवाल सरकार इस प्रक्रिया को लंबा खींचने में क्यों लगी है। तीनों निगमों की एक माह की सेलरी लगभग 650 करोड़ रुपये है, लेकिन केजरीवाल सरकार ने पिछले चार महीने से एक भी पैसा निगम कर्मियों को नहीं दिया। यहां तक कि 14 जनवरी को दिल्ली सरकार ने निगम को 938 करोड़ रुपये देने की बात कही थी लेकिन अभी तक एक भी रुपया दिल्ली सरकार द्वारा नहीं दिया गया है।
