असम-मिजोरम सीमा संघर्ष : कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने केंद्र पर साधा निशाना , बोले – कहाँ है जमीन पर शांति ?

Ten News Network

नई दिल्ली :– असम-मिजोरम सीमा संघर्ष पर विवाद जारी है। वही इस मामले में आज लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने जांच की मांग की है। आपको बता दें कि मिजोरम से लगती सीमा पर हुई हिंसा में असम के पांच पुलिस कर्मी मारे गए हैं।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस बात की जानकारी दी है। हिंसा को लेकर असम और मिजोरम दोनों एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

लोकसभा में कांग्रेस के उप नेता गौरव गोगोई ने कहा, कुछ मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि कल असम-मिजोरम सीमा संघर्ष के दौरान लाइट मशीन गन (एलएमजी) का इस्तेमाल किया गया था। मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि हम अपने देश में हैं या देश की सीमाओं पर? हम इस घटना की जांच की मांग करते हैं।

असम कांग्रेस के नेता गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार पर तीखा वार किया है और आरोप लगाया कि सरकार ज़मीन पर समस्याओं का समाधान नहीं कर पा रही है।

गौरव गोगोई ने कहा कि दो राज्यों की सीमा का मामला केंद्र के अधीन आ जाता है, सरकार पहले भी मुख्यमंत्रियों से बात कर चुकी है, हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि वह असम में शांति लाए, लेकिन ज़मीन पर शांति कहां है। आपको बता दें कि संसद में भी गौरव गोगोई द्वारा इस मसले पर नोटिस दिया गया है और केंद्र सरकार से जवाब मांगा है।

वही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस मसले पर चिंता व्यक्त की और साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि देश में स्थापित करने के मामले में गृह मंत्री एक बार फिर फेल हो गए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.