एमसीडी अस्पतालों में हों जांच की सुविधाएं, सभी कोरोना वाॅरियर्स को मिले बीमा कवर : कांग्रेस
Rohit Sharma
नई दिल्ली : देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। राजधानी दिल्ली में अब तक इस महामारी की चपेट में 1707 लोग आ चुके हैं, वहीं इनमें 42 लोगों की जान जा चुकी है।
इस बीच दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा कि दिल्ली में कोरोना परीक्षण और व्यापक हो सके इसके लिए जरूरी है कि एमसीडी के अस्पतालों में कोविड-19 परीक्षण सुविधाएं हों।
उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में ओपीडी के मरीज एमसीडी अस्पतालों में जाते हैं, अगर इन अस्पतालों में कोविड-19 परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, तो कोरोना महामारी का परीक्षण आसानी से किया जा सकता है।
साथ ही चौधरी अनिल कुमार ने कहा, एमसीडी को कोरोना योद्धाओं जैसे- डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वच्छता कर्मचारियों और अन्य लोगों के लिए उचित चिकित्सा सुविधाएं जैसे पीपीई किट प्रदान करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सभी कोरोना योद्धाओं को बीमा कवर दिया जाना चाहिए। केवल डॉक्टरों का बीमा किया गया है. उन्होंने यह भी मांग की कि सभी अस्थायी सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाना चाहिए।
वहीं, नॉर्थ दिल्ली नगर निगम स्थायी समिति के चैयरमैन जय प्रकाश ने बताया कि कोरोना टेस्ट अभी दिल्ली सरकार के अस्पतालों में ही किए जा रहे हैं. हिंदू राव अस्पताल, कस्तूरबा गांधी अस्पताल और यमुनापार का दयानंद अस्पताल, इन तीनों को ही कोविड-19 के लिए तैयार किया है। साथ ही उन्होंने कहा, नॉर्थ एमसीडी के 13 वार्ड में 91 केस पॉजिटिव हैं। इनकी घेराबंदी की जा रही है।