देश में हिंदुओं के खिलाफ माहौल बनाना चाहती है कांग्रेस पार्टी: संबित पात्रा

Ten News Network

New Delhi: कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की नई किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या’ को लेकर सियासी घमासान शुरू है और ये थमने का नाम नहीं ले रहा। इस किताब पर अब जमकर राजनीति हो रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान से सियासत गरमा गयी है जिसमें उन्होंने RSS की विचारधारा पर हमला बोलते हुए हिन्दू धर्म और हिन्दुत्व को अलग बताया था।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि हिन्दू और हिन्दुत्व पर प्रहार करना कांग्रेस का चरित्र है। कांग्रेस वही पार्टी है जिसकी ओर से भगवा आतंकवाद शब्द का इस्तेमाल किया गया था। कभी राहुल गांधी ने कहा था संस्कृति की वजह से बलात्कार होते हैं।

संबित पात्र ने कहा कि कांग्रेस हमेशा वोट बैंक की राजनीति करती है। कांग्रेस की ओर से भरसक प्रयास हुआ था कि राम मंदिर की सुनवाई को कोर्ट में टाल दिया जाए। राहुल ने ही कहा था कि मंदिर जाने वाले लोग लड़कियां छेड़ते हैं। सोनिया जी की पार्टी ने भगवान राम के लिए हलफनामा दिया था। इन लोगों ने भारत का संविधान नहीं पढ़ा है, उपनिषद तो बहुत दूर की बात है। राहुल का बयान 130 करोड़ जनता के खिलाफ है और उन्हीं के कहने पर सलमान खुर्शीद ने बयान दिया था। पात्रा ने कहा कि गांधी परिवार के इशारे पर ही कांग्रेस के नेता हिन्दुओं के खिलाफ ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं ताकि देश में हिन्दुओं के खिलाफ माहौल बनाया जा सके।

राहुल गांधी इच्छाधारी हिन्दू हैं क्योंकि अगर वह हिन्दू दर्शन समझते तो इस तरह की गालियां न निकालते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की नियत के बारे में हिंदुस्तान को पता है और भारत की संस्कृति को जो लोग इस तरह के शब्दों से अलंकृत करते है उन्हें जनता कभी माफ नहीं करेगी।

आपको बतादें की राहुल गांधी ने कहा कि भारत में दो विचारधाराएं हैं। एक कांग्रेस और एक आरएसएस की। आरएसएस की विचारधारा नफरत फैलाने की है जबकि कांग्रेस की विचारधारा प्यार की है। इसी मसले पर अब जमकर राजनीति हो रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.