कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कुमार विश्वास द्वारा लगाए गए आरोपों पर आप को घेरा, पढ़े क्या कहा

Ten News Network

नई दिल्ली (18/02/2022): कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्विटर पर पत्र साझा कर दिल्ली सरकार पर आरोप लगाते हुए ट्वीट में लिखा है, “आप के पाप बेनकाब, पंजाब मांगे जवाब! श्री अरविंद केजरीवाल चुप क्यों? सामने आ जवाब देने से घबराए क्यों? पराक्रम, वीरता और संघर्ष की भूमि पंजाब को आज ठगने का षडयंत्र किया जा रहा है।”

उन्होंने पत्र में भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाते हुए लिखा है कि “पंजाब के चुनाव में आम आदमी पार्टी और भाजपा की मिलीभगत का पर्दाफाश हो गया है। पराक्रम, वीरता और संघर्ष की भूमि पंजाब को आज ठगने का षडयंत्र किया जा रहा है। 20 फरवरी के चुनाव में पंजाब के जागरुक लोग वोट की चोट से इसका जवाब देंगे।”

उन्होंने कहा कि 16 फरवरी, 2022 को आम आदमी पार्टी के संस्थापक अरविंद केजरीवाल के निकटतम सहयोगी रहे, कुमार विश्वास ने अलगाववादी व खालिस्तानी ताकतों के साथ अरविंद केजरीवाल की तथाकथित सांठगांठ को लेकर संगीन आरोप लगाए हैं और 17 फरवरी, 2022 को कुमार विश्वास ने एक बार फिर अरविंद केजरीवाल को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वो सारे सबूत और व्हाट्सऐप मैसेज खुली बहस में किसी भी टेलीविज़न या सार्वजनिक मंच पर पेश करने को तैयार हैं।

उन्होंने लिखा, इन सारी बातों से घबराई और छटपटाई आम आदमी पार्टी ने आनन-फानन में चुनाव आयोग को 17 फरवरी को यह दरख्वास्त दी कि कुमार विश्वास द्वारा पेश किए गए कोई भी वीडियो, व्हाट्सऐप मैसेज या सबूत न तो सार्वजनिक हों या न ही किसी टेलीविज़न या अखबार में दिखाए जाएं। कमाल की बात यह है कि चुनाव आयोग ने भी आनन-फानन में इस पूरे मामले पर एकतरफा पाबंदी लगाने के आदेश जारी कर दिए। आम आदमी पार्टी की चुनाव आयोग को 17 फरवरी की दरख्वास्त और चुनाव आयोग द्वारा जारी पाबंदी आदेश की कॉपी A1 संलग्न है। जब चौतरफा विरोध शुरू हुआ व चुनाव आयोग द्वारा अरविंद केजरीवाल के हक में पूर्णतया गैरकानूनी आदेश जारी कर भाजपाई मदद का खुलासा हुआ तो देर रात चुनाव आयोग को अपना पाबंदी आदेश को वापस लेना पड़ा। इसकी कॉपी संलग्नक A2 है। मगर अरविंद केजरीवाल पर्दे के पीछे छिपकर पंजाब व देश के लोगों से असलियत नहीं छिपा सकते हैं। अगर पंजाब व पंजाबियत के खिलाफ कोई षडयंत्र हुआ है, तो लोग उसका हिसाब मांगते हैं।

उन्होंने पत्र में अरविंद केजरीवाल से 14 सवाल करते हुए उनका जवाब मांगा है। इन 14 सवालों में, कुमार विश्वास के बयान, अलगाववादियों के साथ मिलना, लोकपाल बिल, बेरोजगारी, प्रदूषण, किसान, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन, पानी और दिल्ली के लगभग 20,000 गेस्ट टीचर जो 7 साल से दिल्ली की सड़कों पर धक्के खा रहे हैं, विरोध प्रदर्शन शामिल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.