ग्रेटर नोएडा में बुलेरो सवार बदमाशों ने सैमसंग मोबाइल के पार्ट्स से भरा ट्रक लूटा

ABHISHEK SHARMA

Greater Noida : बोलेरो सवार पांच बदमाशों ने सैमसंग कंपनी से मोबाइल पार्ट्स ले जा रहे कंटेनर चालक को अगवा कर कंटेनर लूट लिया। क्राउन प्लाजा होटल के पास बदमाशों ने टक्कर मारकर भागने का आरोप लगाकर कंटेनर को रुकवाया। वारदात के दौरान आरोपियों ने चालक के पांच हजार रुपये और मोबाइल भी लूट लिए।

लूट के कुछ ही घंटे बाद पुलिस ने मोबाइल पार्ट्स से भरे कंटेनर को बरामद कर लिया। मामले में केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई है। मूलरूप से फर्रुखाबाद निवासी चालक अमित ने सूरजपुर कोतवाली पुलिस को दी गई शिकायत में कहा है कि फेज-2 स्थित सैमसंग कंपनी से कंटेनर लेकर निकला था।

मोबाइल पार्ट्स से भरे कंटेनर को डाबरा स्थित एलेक्टो कंपनी में पहुंचाना था। जैसे ही वह कंटेनर लेकर सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के क्राउन प्लाजा के पास पहुंचा। बोलेरो सवार पांच बदमाशों ने ओवरटेक कर कंटेनर रुकवा लिया। टक्कर मारकर भागने का आरोप लगाकर बदमाशों ने उससे कंटेनर के कागज मांगे।

जैसे ही चालक अमित ने उन्हें कागज दिए। बदमाशों ने उसे बंधक बनाकर बोलेरो में डाल दिया। इसके बाद बदमाश उसे अगवा कर ले गए। बताया गया है कि बदमाशों ने चालक को दिल्ली में किसी स्थान पर झाड़ियों में हाथ-पैर बांधकर फेंक दिया। चालक ने किसी तरह अपने हाथ पैर खोले और सूरजपुर कोतवाली पहुंचकर पुलिस व कंपनी में सूचना दी।

पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि चालक से पूछताछ में मिले ठोस सुराग के आधार पर शुक्रवार देर रात पुलिस ने कंटेनर बरामद कर लिया। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मोबाइल पार्ट्स से लदा कंटेनर भी बरामद कर लिया है। बदमाशों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.