कोरोना मरीज की बेटी व पत्नी ने वीडियो के जरिए लगाई मदद की गुहार, 102 बुखार पर भी नहीं दी जा रही दवाई

Abhishek Sharma

कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ रहा है। दिल्ली में जांच रिपोर्ट में देरी और अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से कोरोना के मामले बढ़ गए हैं। वहीं कुछ ऐसे मामले भी सामने आ रहे हैं जहां पर कोरोना संक्रमित मरीजों के इलाज में डॉक्टरों एवं अस्पताल प्रबंधन द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। ऐसे में मरीजों के परिजनों की चिंता बढ़ना लाजमी हैं।

ऐसा ही एक मामला दिल्ली में देखने को मिला है, जहां एक व्यक्ति में कोरोना के लक्षण देखने को मिले, जिसके बाद उस व्यक्ति को दिल्ली के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया। जहां वह व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया।

दरअसल दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके के बी ब्लॉक में गुप्ता परिवार रहता है। कोरोना संक्रमित मरीज की बेटी प्रतिभा गुप्ता और उनकी पत्नी ने एक वीडियो जारी किया है जिसके जरिए उन्होंने मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री से मदद की गुहार लगाई है।

मरीज की बेटी प्रतिभा गुप्ता ने बताया कि 16 अप्रैल की रात को 2:00 बजे उनके पिता अचानक बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के शालीमार गार्डन स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों को कोरोना का शक हुआ तो उन्होंने टेस्ट किया जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। जिसके बाद अस्पताल प्रबंधन के लोगों ने परिजनों से बिना पूछे उनके पिता को दिल्ली के लोक नायक अस्पताल में रेफर कर दिया।

उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल की शाम 8:00 बजे उनके पिता को लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया। मरीज की बेटी का आरोप है कि अगले दिन दोपहर 12:00 बजे तक उनको खाने के लिए कुछ भी नहीं दिया गया। प्रतिभा गुप्ता का कहना है कि उसके पिता शुगर और हाइपरटेंशन के मरीज हैं। अगर उन्हें समय पर खाना नहीं दिया जाता है तो उनका शुगर लेवल और बढ़ने लगता है।

उन्होंने बताया कि आज उनके पिताजी का सुबह 5:00 बजे फोन आया। उन्होंने कहा कि उनको 102 बुखार है, जिसकी सूचना उन्होंने वार्ड के लोगों व स्वास्थ्य कर्मियों को दी, लेकिन उन्हें किसी प्रकार का ट्रीटमेंट नहीं दिया गया।

वही मरीज की पत्नी का कहना है कि आज सुबह उनके पति का फोन आया है कि उन्हें अभी तक किसी डॉक्टर ने नहीं देखा है ना ही उनकी देखभाल की जा रही है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो वह नहीं बचेंगे। महिला का कहना है कि वह अपने पति का इलाज प्राइवेट अस्पताल में कराने को तैयार हैं लेकिन कोई उनकी बात नहीं सुन रहा है।

दोनों मां बेटी ने रोते बिलखते हुए हाथ जोड़कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से अपील की है कि कृपया इस मामले को संज्ञान में लें और उनकी जल्द से जल्द मदद की जाए। उन्होंने कहा कि जो सुविधाएं लोगों को बताई जा रही हैं और जो असलियत है, उसमें जमीन आसमान का अंतर है।

जहां एक तरफ केजरीवाल सरकार कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए देश में कहीं और के मुकाबले दिल्ली की स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होने का दावा कर रहे हैं, वहीं कुछ ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं जो आम आदमी पार्टी सरकार के दावों की पोल खोलती हुई दिखाई पड़ रही हैं। मां बेटी के इस भावनात्मक वीडियो को सोशल मीडिया पर काफी शेयर किया जा रहा है। उम्मीद है कि उनकी यह बात राज्य व केंद्र सरकार तक पहुंचे और उनके पिता का बेहतर ढंग से इलाज हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.