केजरीवाल का ऐलान , कोरोना से अनाथ बच्चों-बेसहारा बुजुर्गों को मदद देगी दिल्ली सरकार

Ten News Network

नई दिल्ली :– दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी है कि राजधानी में काफी दिनों के बाद 24 घंटे में साढ़े आठ हज़ार से कम केस दर्ज किए गए हैं. साथ ही अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि दिल्ली में जो बच्चे कोरोना काल में अनाथ हुए हैं, उनकी मदद अब दिल्ली सरकार करेगी।

 

अनाथ बच्चों की मदद करेगी दिल्ली सरकार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस दौरान बड़ा ऐलान किया. उन्होंने कहा कि दिल्ली में बीते दिनों कई बच्चों के माता-पिता की कोरोना के कारण मौत हो गई. ऐसे अनाथ बच्चों की परवरिश और पढ़ाई का खर्चा दिल्ली सरकार ही उठाएगी।

 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कई बुजुर्ग हैं, जिनके जवान बच्चे चले गए और अब घर चलाने वाला कोई नहीं है. जिनके घरों में कमाने वाला कोई नहीं है, उन बुजुर्गों की दिल्ली सरकार मदद करेगी. सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कई बच्चे अपने मां-बाप को खो चुके हैं, लेकिन मैं कहता हूं कि बच्चों आप चिंता मत करना, मैं हूं ना।

 

दिल्ली में कम हुए कोरोना के मामले अरविंद केजरीवाल ने अपील की है कि सभी लोग लॉकडाउन का सख्ती से पालन करें, हम कोरोना को जड़ से खत्म करना है. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अप्रैल में दिल्ली में 28 हज़ार तक केस पहुंच गए थे, पिछले 24 घंटे में संक्रमण दर भी 12 फीसदी पहुंच गई है, अप्रैल में ये 36 फीसदी तक पहुंच गई थी।

 

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में दस दिन में 3 हजार बेड्स खाली हो गए हैं, हालांकि आईसीयू बेड्स अभी भी भरे हुए हैं. 1200 नए आईसीयू बेड्स बनकर तैयार हैं. अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली वालों ने  लॉकडाउन का पालन किया, इसलिए मामलों में कमी आई है।

 

आपको बता दें कि दिल्ली में बीते महीने में कोरोना के कारण हालात काफी बदतर हो गए थे और हर दिन औसतन 25 हज़ार से अधिक केस आ रहे थे. दिल्ली में अस्पतालों में बेड्स, ऑक्सीजन का संकट था. हालांकि, लॉकडाउन लगने के बाद कुछ हदतक दिल्ली में हालात सुधरे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.