किसान आंदोलन और भारत बंद को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नजरबंद कर दिया है। यह आरोप आम आदमी पार्टी (आप) ने लगाया है। आप का कहना है कि सीएम अरविंद केजरीवाल के सिंधु बॉर्डर से लौटने के बाद कल से नजरबंद जैसे हालात बनाए गए हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल की सभी बैठक रद्द कर दी गई है।
वहीं आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने किसानों के भारत बंद को समर्थन देते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में नारेबाजी करते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय से होते हुए आईटीओ लाल बत्ती की तरफ चले। जहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
इस दौरान बैरिकेडिंग लगाकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को रोका गया। वहीं इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास तक पदयात्रा निकालने का आह्वान किया और सिविल लाइंस स्थित सीएम आवास की तरफ बढ़ गए हैं।
आप का आरोप है कि गृह मंत्रालय के आदेश पर पुलिस ने दिल्ली नगर निगम के तीनों मेयर को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठा दिया है और इसका बहाना बना कर पुलिस ने मुख्यमंत्री के घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी है, जिससे ना केजरीवाल से कोई मिलने आ सकता है और ना वो कहीं बाहर जा सकते हैं।
आप विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जब से मुख्यमंत्री सिंधु बॉर्डर पर किसानों से मिलकर और किसानों को समर्थन देकर आए हैं, केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय के इशारे पर दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री को अपने ही घर में बैरिकेड लगाकर लगभग नज़रबंद किया हुआ है। उनसे न कोई मिल सकता है, न वो बाहर आ सकते हैं। हम सीएम हाऊस तक मार्च निकालेंगे।

आम आदमी पार्टी के आरोपों पर दिल्ली पुलिस के नॉर्थ जिले के डीसीपी का कहना है कि ये झूठ और बेबुनियाद आरोप है। वहां हमारी फोर्स तैनात है। अरविंद केजरीवाल कल शाम 8 बजे भी कहीं निकले थे और रात 10 बजे के लगभग वापस लौटे थे। कोई समस्या नहीं है।