नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के त्रिलोकपुरी विधानसभा के अंतर्गत न्यू अशोक नगर के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को देने जाने वाली मिड डे मील के लिए लाई गई राशन पैकेट के गायब होने का मामला सामने आया है। बीजेपी का आरोप है कि स्थानीय विधायक रोहित कुमार इस पूरे मामले में लिप्त है। हालांकि विधायक रोहित कुमार ने बीजेपी के आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
मयूर विहार बीजेपी जिला अध्यक्ष विनोद बछेती ने कहा कि न्यू अशोक नगर स्थित दिल्ली सरकार के एक स्कूल में मिड डे मील के अंतर्गत बांटने के लिए लाए गए राशन के दर्जनों पैकेट गायब हो गए हैं, इस संबंध में स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों की तरफ से दिल्ली के उपराज्यपाल को शिकायत दी गई है। विनोद बछेती का कहना है कि इसके लिए त्रिलोकपुरी के विधायक रोहित कुमार जिम्मेदार हैं, उनकी देखरेख में ही राशन वितरण का काम किया जा रहा था।
वहीं दूसरी तरफ बीजेपी के तरफ से लगाए गए इस आरोप पर रोहिता कुमार का कहना है कि सरकार के सभी स्कूलों में मिड डे मील के अंतर्गत राशन बांटा जा रहा है, न्यू अशोक नगर के स्कूल में भी बच्चों के लिए राशन लाया गया था लेकिन कई छात्रों के परिजनों के नहीं आने की वजह से उन्हें राशन नहीं दिया जा सका। उनका कहना है कि राशन खराब हो रहा था। जिसकी शिकायत स्कूल प्रशासन और एसएमसी के सदस्यों ने विधायक के सामने की थी। स्कूल प्रशासन ने शिकायत में कहा था कि खराब हो रहे राशन को जरूरत मंदों में बांट दिया जाए या गौशाला में दे दिया जाए।
रोहित मेहरोलिया ने कहा कि उन्होंने एसएमसी सदस्यों को बिना नियम कायदे के राशन को गौशाला में देने से मना किया था, लेकिन उन्हें जानकारी मिली है कि कुछ खराब हो रहे राशन को जरूरत मंदों को दे दिया गया है |
निगम पार्षद रजनी पांडे ने कहा कि अगर राशन खराब हो गया था तो गौशाला में उस राशन को भेजने की क्या जरूरत थी। क्या गाय रिफाइंड पीती हैं, उन राशन के अंदर रिफाइंड तेल भी था | सीधा सीधा निशाना साधते हुए रजनी पांडे ने कहा कि यह एक घोटाला हुआ है और इस घोटाले की सजा मिलनी चाहिए।