केजरीवाल सरकार द्वारा डीजल की कीमतों में कमी ना करने के विरोध में बीजेपी का प्रदर्शन

Ten News Network

New Delhi: केजरीवाल सरकार डीजल पर 15 रुपए प्रति लीटर टैक्स कम करके जनता को राहत दे, इस मांग को लेकर भाजपा युवा मोर्चा और भाजपा किसान मोर्चा की ओर से आम आदमी पार्टी कार्यालय पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता और नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी के नेतृत्व में प्रचंड प्रदर्शन किया गया।

आदेश गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने सत्ता में आने से पहले वादा किया था कि वह दिल्ली में पेट्रोल और डीजल पर सभी राज्यों की तुलना में सबसे कम वैट लगाएंगे, लेकिन डीजल पर 12 प्रतिशत वैट था जिसे बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दिया और पेट्रोल पर वैट 20 प्रतिशत से 30 प्रतिशत कर दिया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा के विरोध प्रदर्शन के दवाब में आकर सिर्फ पेट्रोल पर वैट कम किया है, लेकिन पेट्रोल पर वैट में 16 रु की कमी करनी थी जो कि सिर्फ ८ रूपए हुयी है, इसलिए हम पेट्रोल में 8 रु की अतिरिक्त कमी, और डीजल के दामों में कमी की मांग के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

“दिल्ली सरकार को यहां रहने वाले गरीब मजदूरों की कोई चिंता नहीं है। इसलिए भाजपा कार्यकर्ता हाथों में होर्डिंग्स लेकर अलग-अलग स्थानों पर धरना कर रहे हैं। डीजल के वैट में कमी न होने के कारण मंहगाई में अभी कोई कमी नहीं है। क्योंकि मंहगाई बढ़ने का एक कारण डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी भी है।”

आदेश गुप्ता ने कहा कि दिल्लीवालों की आवाज बनकर उनके हित में भाजपा आवाज उठाती रहेगी। जब तक डीजल की कीमतों में केजरीवाल सरकार कमी नहीं करती तब तक यह प्रदर्शन ऐसे ही जारी रहेगा।

इस धरने में शामिल बीजेपी नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि डीजल पर वैट कम न करके केजरीवाल सरकार दिल्लीवासियों और यहां बाहर से रोजगार की तालाश में आए लोगों के साथ अन्याय कर रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.